सरसों के चढ़े भाव, 10600 रुपये क्विंटल तक पहुंचे; रिटेल मार्केट में तेल ने मारा उछाल
आगरा में सरसों के थोक भाव में आठ दिनों में ₹500 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है, जिससे यह ₹10600 ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। सरसों के बाजार में तेजी लगातार बढ़ रही है। बीते करीब आठ दिनों में सरसों के भाव में थोक में 500 रुपये प्रति क्विंटल तक की बढ़ोतरी दर्ज की है। सरसों के भाव 9600 से लेकर 10600 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं। साउथ क्षेत्रों में प्रमुख उत्पादक राज्यों में बारिश कम होने से फसल प्रभावित हुई है, वहीं दूसरी ओर शादियों और सर्दी का सीजन शुरू होने के चलते सरसों की मांग बढ़ने लगी है।
ऐसे में आपूर्ति प्रभावित और मांग में तेजी होने से कीमत लगातार बढ़ रही है। सरसों का तेल भी 200 के पार पहुंच गया है। व्यापारियों का कहना है कि कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में बारिश कम होने के कारण फसल पर असर पड़ा है। इससे वहां से आने वाली सरसों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। मिलों में पर्याप्त माल नहीं पहुंचने से बाजार में उपलब्धता कम हो गई है। दूसरी ओर शादी समारोहों का सीजन शुरू होने वाला है।
सर्दियों में भी सरसों के साथ तेल की मांग अधिक हो जाती है। सरसों की कीमतों में तेजी के पीछे गाड़ियों का किराया भी है। उनका कहना है कि युद्ध शुरू होने के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम और शिपिंग का भाड़ा बढ़ा है। इसके चलते माल ढुलाई महंगी हुई है, जिसका असर सरसों और खाद्य तेलों की लागत पर पड़ रहा है। सरसों के दाम बढ़ने का असर तेल के बाजार पर भी दिखाई दे रहा है।
कच्चे माल की कीमत बढ़ने से सरसों तेल की लागत बढ़ रही है। तेल 200 के पार पहुंच गया है जबकि आठ दिन पूर्व इसकी कीमत 160 से 186 रुपये प्रति लीटर तक थी। ऊंचे भाव मिलने से किसानों को फायदा हो रहा है, वहीं आम उपभोक्ताओं के लिए रसोई का बजट प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों का मानना है कि जब तक आवक में सुधार नहीं होता और मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं बढ़ती, तब तक बाजार में तेजी का दबाव बना रहेगा।
दक्षिण भारत बारिश कम होने के कारण सप्लाई प्रभावित हुई है। आवक कम है और शादी व सर्दियों के सीजन में मांग बढ़ रही है, इसलिए भाव में तेजी बनी हुई है।- जय प्रकाश अग्रवाल, व्यापारी
विश्व युद्ध का असर पड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ हैं इस कारण किराया भी बढ़ा है। अब फसल गर्मियों में होगी ऐसे में आने वाले समय में उतार चढ़ाव देखा जा सकता है।- विक्रांत गोयल, व्यापारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।