प्रॉपर्टी डीलर की सरेशाम गोली मारकर हत्या से फैली सनसनी, पुलिस जुटी हत्यारों की तलाश में
सिकंदरा में होली पब्लिक स्कूल के सामने बाइक सवारों का दुस्साहस। चार वर्षीय भतीजे को ट्यूशन के लिए केके नगर छोड़कर लौट रहे थे।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा क्षेत्र में होली पब्लिक स्कूल के सामने शनिवार को बाइक सवारों ने सरेशाम प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से भाग निकले। सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। बवाल और तोडफ़ोड़ की आशंका पर अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। हत्या के पीछे रंजिश की आशंका जताई गई है।
सिकंदरा के ककरैठा निवासी 24 वर्षीय बबलू यादव पुत्र राजेंद्र सिंह यादव प्रॉपर्टी डीलिंग और दूध का कारोबार करते थे। भावना एस्टेट के गोविंदपुरी में उनका कार्यालय है। शाम साढ़े चार बजे बबलू यादव अपने चार वर्षीय भतीजे को ट्यूशन के लिए केके नगर छोड़कर एक्टिवा से लौट रहे थे। होली पब्लिक स्कूल के सामने सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बबलू यादव का बाइक सवारों से कुछ विवाद हुआ। इसके बाद उन्होंने बबलू की कनपटी पर गोली मार दी, दूसरे हमलावर का कारतूस लोड करते समय गिर गया। गोली मारने के बाद दोनों हमलावर भाग निकले। फायङ्क्षरग की आवाज सुनकर स्कूल के गार्ड और आसपास के लोग दौड़ पड़े लेकिन बबलू की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
हत्या की जानकारी होने पर ककरैठा और आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। हत्या से भीड़ में आक्रोश फैल गया। एसपी सिटी प्रशांत वर्मा समेत अन्य अधिकारी फोर्स के साथ पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी देर तक शव नहीं उठने दिया। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को किसी तरह समझाकर शव को उठवाया। एसपी सिटी प्रशांत वर्मा ने बताया परिजनों ने फिलहाल किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। हमलावरों का सुराग लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।