Double Murder: आगरा में करंट लगाकर सर्राफ और पत्नी की निर्मम हत्या Agra News
लाखों की लूट के चक्कर में पैरों में बिजली के तार बांधकर मारा गया है। सर्राफ शमसाबाद सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष थे। मौके पर एसएसपी सांसद विधायक समेत हजारों की भीड़। बाजार बंद।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब शमसाबाद में डबल मर्डर का मामला सामने आया। सर्राफ एवं उनकी पत्नी की करंट लगाकर निर्मम हत्या हुई है। पति-पत्नी के अलावा घर पर कोई नहीं था। संभवत: हत्या सोमवार देर शाम हुई है। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह घर पर नौकरानी के पहुंचने पर हुई। परिजन किसी से रंजिश होने से इन्कार कर रहे हैं। घर से कुछ सामान गायब है। माना जा रहा है लूटपाट के इरादे से हत्या की गई हो। मौके पर हजारों की संख्या में भीड़ जुट चुकी है। एसएसपी बबलू कुमार के साथ पुलिस पड़ताल में लगी है।
शमसाबाद कस्बे में मंगलवार सुबह डबल मर्डर ही घटना सामने आई है। सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष मुकलेश गुप्ता (62 वर्ष) और उनकी पत्नी लता गुप्ता (60) की हत्या हुई है। दोनों घर पर अकेले ही थे। सुबह घर पर नौकरानी सोमवती (75 वर्ष) घर पर काम करने पहुंचीं तो उन्होंने पहले आवाज लगाई लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। एक कमरे से चाबी लेकर वे दूसरे कमरे में काम करने पहुंचींं तो वहां दंपती मरे पड़े थे।
सोमवती के शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे। उन्होंने मृतक दंपती के परिजनों को सूचित किया। दंपती के तीन पुत्रियां हैं और तीनों का विवाह हो चुका है। सीओ फतेहाबाद प्रभात कुमार और एसपी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर मुकलेश गुप्ता के पैरों में फ्रिज के तार को बांधकर करंट लगाया गया है। वहीं शरीर से खून निकलने के भी निशान है, यानि पहले मारपीट की गई है। मृतका लता गुप्ता हाथों में सोने की अंगूठियां पहने हैं। माना जा रहा है कि हत्यारे घर से अन्य सोने चांदी के आभूषण और नकदी ले गए हैं। घटनास्थल पर एसएसपी बबलू कुमार और फोरेसिंक एक्सपर्ट भी पहुंच गए हैं। फोरेसिंक एक्सपर्ट सबूत जुटा रही है।
समाचार लिखे जाने तक एडीजी अजय आनंद, फतेहपुरसीकरी के सांसद राजकुमार चाहर, विधायक फतेहाबाद जितेंद्र वर्मा, पूर्व विधायक डा. राजेंद्र सिंह के अलावा हजारों लोग पहुंच चुके थे। हत्याओं के विरोध में शमसाबाद का बाजार बंद रखा गया है। लोग घटना के खुलासे की मांग कर रहे हैं।
आठ बजे से पहले हुई हत्या
परिवारीजनों के मुताबिक मुकलेश गुप्ता और लता गुप्ता शाम छह बजे के बाद दूसरी चाय रात आठ बजे पीते थे। शाम का दूध डाइनिंग टेबल पर रखा हुआ मिला है। इससे माना जा रहा है कि हत्या सोमवार रात आठ बजे से पहले ही हो गई है।
करोड़ के आसपास जा सकती है लूट
सर्राफ मुकलेश गुप्ता के घर पर पांच अल्मारियां हैं। इनमें से अल्मारियों में रखा सोना और नकदी गायब है। इन अल्मारियों में रखी चांदी को हत्यारे छोड़ गए हैं। अन्य तीन अल्मारियों को हाथ भी नहीं लगाया गया है। इधर क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि सर्राफ सोना गिरवी रखकर उधार भी देते हैं। चूंकि अल्मारियों में कितना सोना और नकदी है, इसकी जानकारी सिर्फ मृतक दंपती को ही थी। अब सर्राफ की बेटी बहीखातों को देखकर आकलन कर रही हैं। तभी साफ हो पाएगा कि कुल कितने की लूटपाट हुई है।
पैरों में टेप से चिपकाए बिजली के तार
मृतक सर्राफ दंपती की हत्या के लिए बेहद क्रूर तरीका अपनाया गया। उनसे मारपीट के बाद पैरों में फ्रिज में जा रहे बिजली के तार को निकालकर टेप से चिपकाया गया। इसके बाद करंट चालू कर यातना दी गई। माना यह जा रहा है कि अल्मारियों की चाबी लेने के लिए ऐसा किया गया हाेगा।