यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 25, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Agra Mumbai Flight: अच्छी है खबर, दुबारा शुरू होने जा रही है मुंबई-आगरा फ्लाइट
क्रिसमस से पहले इंडिगो एयरलाइंस 13 दिसंबर से शुरू कर रही है इस रूट पर अपनी हवाई सेवा। मुंबई से ...और पढ़ें

आगरा, जागरण संवाददाता। क्रिसमस से पहले इंडिगो एयरलाइंस मुंबई से आगरा के बीच हवाई सेवा शुरू करने जा रही है। 13 दिसंबर से यह उड़ान शुरू होगी, जोकि सप्ताह में तीन दिन आएगी। इस फ्लाइट के शुरू होने से पर्यटन जगत को काफी लाभ मिलेगा। इससे पहले यह फ्लाइट जुलाई में शुरू हुई थी। अगस्त में बंद हो गई थी। तीन महीने बाद फिर से इसका संचालन हो रहा है।
खेरिया हवाई अड्डे के निदेशक एए अंसारी ने बताया कि मुंबई-आगरा फ्लाइट छत्रपति शिवाजी हवाई अड्डे से दोपहर 12.45 बजे आगरा के लिए उड़ान भरेगी। दोपहर 2.55 बजे खेरिया हवाई अड्डे पर आएगी। आधा घंटे के बाद तीसरे पहर 3.25 बजे ये मुंबई के लिए उड़ान भरेगी। वहां शाम 5.35 बजे पहुंचेगी। इस फ्लाइट के शुरू होने से आगरा-मुंबई के बीच का सफर सिर्फ 2.10 घंटे का रह जाएगा। यह फ्लाइट सप्ताह में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को आएगी। इससे पूर्व इंडिगो एयरलाइंस ने बीते 22 जुलाई से मुंबई-आगरा फ्लाइट शुरू की थी। तब यह दोपहर 12 बजे आगरा आ रही थी। मगर, एक महीने बाद ही यह बंद हो गई थी।
बढ़ रहा फ्लाइटों का ग्राफ
वर्तमान में आगरा से बेंगलुरु, लखनऊ और भोपाल के लिए सीधी उड़ान है। यहां से अहमदाबाद के लिए भी फ्लाइट है लेकिन नवंबर के शुरुआत से यह स्थगित चल रही है। मुंबई फ्लाइट भी जब जुलाई में चली थी, तब इस फ्लाइट में हर बार लगभग सौ यात्रियों की बुकिंग हो रही थी। इस फ्लाइट के बंद होने से पर्यटन जगत को झटका लगा था। उनका कहना है कि फ्लाइटें यदि नियमित रहें तो आगरा में पर्यटकों का ग्राफ और बढ़ेगा।
गोवा पहुंचना होगा आसान
गोवा में न्यू ईयर सेलिब्रेशन की योजना बना रहे शहरवासियों को इस फ्लाइट के शुरू होने से काफी सहूलियत होगी। मुंबई से गोवा की बीच की दूरी ज्यादा नहीं रह जाती। कुछ ही घंटों का सफर तय कर यात्री आगरा से गोवा आसानी से पहुंच सकेंगे।
