Fatehpur Sikri: अकबर के जमाने से पानी को तरस रही है सीकरी, चंबल नदी से मिले पानी तो होगी राहत
Fatehpur Sikri अकबर के जमाने से पानी को तरस रही है सीकरी चंबल नदी से मिले पानी तो होगी राहत। सांसद चाहर ने सदन में उठाई मांग। सांसद चाहर ने सदन में पीएम काे देश भर में जलसंकट की समस्या के निदान के लिए योजना शुरू करने पर आभार जताया।
आगरा, जागरण संवाददाता। भाजपा किसान मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार चाहर ने सदन में कहा कि फतेहपुर सीकरी गंभीर जलसंकट से जूझ रही है, जलस्तर निरंतर गिर रहा है। मुगल बादशाह अकबर पेयजल संकट के कारण ही फतेहपुर सीकरी छोड़कर चला गया था, लेकिन अभी तक इस समस्या से निजात के लिए कोई ठोस रास्ता तैयार नहीं हुआ है। चंबल नदी का स्वच्छ जल सीकरी के निवासियों के लिए अमृत बन सकता है। जल जीवन मिशन के तहत इसकी सप्लाई की योजना तैयार होनी चाहिए।
सांसद चाहर ने सदन में पीएम नरेंद्र मोदी को देश भर में जलसंकट की समस्या के निदान के लिए जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल, हर घर नल योजना शुरू करने पर आभार जताया। साथ ही फतेहपुर सीकरी क्षेत्र की समस्याओं को उठाया। उनका कहना था कि क्षेत्र में जल संकट गंभीर है और जलस्तर गिरता जा रहा है। जल संकट क्षेत्र की पुरानी समस्या है। अगर ओवरहैड टेंक के माध्यम से सप्लाई की व्यवस्था की जाएगी तो गिरते चल स्तर के कारण बोरिंग जल्द ही फेल हो जाएगा। ऐसे में संकट बना रहेगा। इसलिए आगरा शहर में जैसे गंगाजल सप्लाई की व्यवस्था की गई है, उसी तरह चंबल नदी से फतेहपुर सीकरी क्षेत्र को पानी उपलब्धता जल जीवन मिशन के तहत कराई जाए। चंबल नदी का पानी स्वच्छ है और पीने योग्य है। राजस्थान के भरतपुर तक 150 किलोमीटर का सफर तय कर चंबल नदी का पानी जा रहा है, जबकि नदी फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में ही है।