नो पार्किंग में कार के चालान पर आगरा में दारोगा से भिड़ा MP का सिपाही, वर्दी फाड़ी
आगरा के खेरागढ़ में नो पार्किंग में खड़ी अपनी कार का चालान होने पर मध्य प्रदेश पुलिस का एक सिपाही ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, खेरागढ़ (आगरा)। कस्बे में शुक्रवार को नो पार्किग में खड़ी अपनी कार का चालान होता देख मध्य प्रदेश पुलिस का सिपाही दारोगा से भिड़ गया। आरोप है कि सिपाही ने गुत्थमगुत्था के दौरान दारोगा की वर्दी फाड़ दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपित सिपाही को हिरासत में ले लिया। उसके विरुद्ध खेरागढ़ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना शुक्रवार दोपहर बारह बजे की है। धनतेरस पर कस्बे में उमड़ी खरीदारों की भीड़ के बीच चौराहे पर तैनात दारोगा पवन सिंह पुलिसकर्मियों के साथ यातायात को सुचारू कराने में जुटे थे। इसी दौरान रसूलपुर निवासी अनुज कुमार ने सड़क पर नो पार्किंग में अपनी कार खड़ी कर दी। जिससे जाम की स्थिति बनने लगी, यातायात प्रभावित होता देख दारोगा पवन सिंह ने कार मालिक को तलाश करने का प्रयास किया।
पता नहीं चलने पर ई-चालान एप से कार का चालान करने लगे। इसी दौरान आरोपित अनुज कुमार वहां पहुंच गया। वह मध्य प्रदेश पुलिस में सिपाही है। वह कार का चालान करते दारोगा से भिड़ गया।
सिपाही दारोगा पवन सिंह से अभद्रता करने लगा, गुत्थमगुत्था हो गया। जिसमें दारोगा की वर्दी फट गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मी दौड़ पड़े, उन्होंने सिपाही अनुज कुमार को पकड़ लिया। उसे थाने लेकर आ गए।
डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य ने बताया कि आरोपित अनुज कुमार मध्य प्रदेश पुलिस में सिपाही है। उसके विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।