Taj Mahal Unlocked: Long Weekend पर टूटा रिकॉर्ड, ताजमहल पर पर्यटकों की संख्या पहुंची 5000 के पार
Taj Mahal Unlockedताजमहल पर शनिवार को पर्यटक पांच हजार पार। शनिवार को बच्चों समेत 5071 पर्यटकों ने किया दीदार। 21 सितंबर को स्मारक खुलने के बाद सर्वाधिक रही संख्या। पिछले रविवार को 3512 पर्यटकों ने स्मारक निहारा था।
आगरा, जागरण संवाददाता। लांग वीकेंड में जैसी उम्मीदें थीं, वैसा ही हुआ। शनिवार को ताजमहल पर पर्यटकों की संख्या पांच हजार पार कर गई। शनिवार को 629 बच्चों समेत 5071 पर्यटकों ने स्मारक का दीदार किया। 21 सितंबर को ताजमहल खुलने के बाद एक दिन में पहुंचे पर्यटकों की यह सर्वाधिक संख्या है। इससे पूर्व पिछले रविवार को 3512 पर्यटकों ने स्मारक निहारा था। अागरा किला और फतेहपुर सीकरी देखने भी शनिवार को अब तक के सर्वाधिक पर्यटक पहुंचे।
कोरोना काल में खुले स्मारकों में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण एएसआइ ने (कैरिंग कैपेसिटी) धारण क्षमता लागू कर रखी है। ताजमहल के लिए यह संख्या प्रतिदिन पांच हजार पर्यटक (सुबह व दोपहर के दो स्लॉट में 2500-2500) तय है। वेबसाइट से एक दिन में अधिकतम पांच हजार टिकट की ही बिक्री हो सकती है, लेकिन इसमें 15 वर्ष तक के बच्चों पर लागू जीरो वैल्यू टिकट शामिल नहीं है। इसके चलते ताजमहल पर शनिवार को बच्चों समेत पर्यटकों की संख्या पांच हजार को पार कर गई। ताजमहल पर सुबह और शाम के समय थर्मल स्क्रीनिंग, रजिस्टर में एंट्री व सुरक्षा जांच को लाइन लगीं। शनिवार को 281 बच्चों और 2059 वयस्क पर्यटकों ने मुख्य मकबरे का दीदार किया।
अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि एक दिन में अधिकतम पांच हजार टिकट की ही बुकिंग होंगी। बच्चों की जीरो वैल्यू टिकट अभी नहीं देखी जा रही है, लेकिन रजिस्टर में ताजमहल देखने आने वाले प्रत्येक पर्यटक की एंट्री की जा रही है। ताजमहल खुलने के बाद पर्यटकों का इतनी संख्या में आना अच्छा संकेत है।
ताजमहल पर पर्यटकों की स्थिति
भारतीय, 4388
भारतीय बच्चे, 629
विदेशी, 53
सार्क, 1
कुल, 5071
स्मारकों पर पर्यटकों की स्थिति
स्मारक, शुक्रवार, शनिवार
ताजमहल, बंद, 5071
आगरा किला, 968, 1120
फतेहपुर सीकरी, 436, 537
सिकंदरा, 197, 192
एत्माद्दौला, 102, 116
मेहताब बाग, 398, 181
रामबाग, 81, 55
मरियम टॉम्ब, 43, 23