VIP at Taj: आज बना रहें हैं ताज भ्रमण का प्लान तो पहले पढ़ लें ये खबर Agra News
मंगोलिया के राष्ट्रपति शनिवार को निहारेंगे ताज। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पर्यटकों का ताज में प्रवेश रहेगा बंद।
आगरा, जागरण संवाददाता। मंगोलिया के राष्ट्रपति खल्टमागीन बाटुल्गा आज आगरा आ रहे हैं। वो ताज का दीदार करेंगे। दो घंटे तक उनके ताज भ्रमण के दौरान पर्यटकों को स्मारक में प्रवेश नहीं मिलेगा।
शनिवार सुबह मंगोलिया के राष्ट्रपति विशेष विमान से खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वो सुबह 11:45 बजे शिल्पग्राम पार्किंग आएंगे। दोपहर 12 बजे वो ताजमहल पहुंचेंगे और करीब 45 मिनट तक स्मारक में रुकेंगे। उनकी विजिट के दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक ताज महल में पर्यटकों का प्रवेश बंद रहेगा। दो घंटे के लिए ताज महल बंद रहने से पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। बेहतर रहेगा कि इस अवधि में वो दूसरे स्मारकों का रुख करें। मंगोलियन राष्ट्रपति होटल ताज में लंच करने के बाद वो दोपहर 2:35 बजे खेरिया एयरपोर्ट से विशेष विमान से गंतव्य को रवाना होंगे।