Misdeed Case in Firozabad: सपा जिपं सदस्य पति के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा, महिला बोली रिवाल्वर दिखाकर किया बुरा काम
Misdeed Case in Firozabad जसराना क्षेत्र की महिला ने लगाए रिवाल्वर दिखाकर दुष्कर्म के आरोप। जिपं के वार्ड नंबर तीन से पत्नी है सदस्य जांच में जुटी पुलिस। जिपं सदस्य अर्चना यादव बोली पति पर दर्ज किया गया फर्जी मुकदमा।
आगरा, जागरण टीम। शिकाेहाबाद में सपा की जिला पंचायत सदस्य के पति पर महिला ने रिवाल्वर दिखाते हुए धमकी देकर दुष्कर्म करने के सनसनीखेज आरोप लगाए। पुलिस ने महिला की तहरीर पर प्राथमिकी कर जांच शुरू कर दी है।
जसराना थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला के आरोप के अनुसार उसके पति के खिलाफ जसराना थाने में पिछले महीने मुकदमा दर्ज हुआ था। जिला पंचायत सदस्य के पति धर्मेंद्र यादव ने फोन कर उसे अपने घर बुलाकर पंचायत में मामला निपटवाने का भरोसा दिया। 6 जुलाई को वह आवास विकास कालोनी में धर्मेंद्र यादव के आवास पर पहुंची। सोफे पर बैठाकर बातें करते हुए उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। जब विरोध किया तो उन्होंने अपनी रिवाल्वर निकालकर तान दी और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि दुष्कर्म के बाद मुंह खोलने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। कई दिन तक दहशत में रही और साहस करके 17 अगस्त को थाने पहुंचकर पीड़ा सुनाई। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं आरोपित धर्मेंद्र यादव का पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन मोबाइल स्विच आफ था। वहीं जिला पंचायत सदस्य अर्चना यादव का कहना है कि उनके पति के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप लगाने वाली महिला परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आई थी, पूरे परिवार व अन्य लोगों की उपस्थित में पंचायत हुई थी। पंचायत में मैं भी उपस्थित थी। विपक्षी दलों ने साजिश करके मेरे पति पर मुकदमा दर्ज कराया है। हम सभी तरह से जांच के लिए तैयार हैं।