Agra Metro: आगरा में जनवरी 2022 से शुरू होगा मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशनों का निर्माण
एक किमी मेट्रो ट्रैक के निर्माण पर खर्च होंगे 300 से 350 करोड़ रुपये साढ़े सात किमी लंबा होगा अंडरग्राउंड ट्रैक। सिकंदरा से ताज पूर्वी गेट तक पहले कारिडोर में होंगे सात स्टेशन। ताज पूर्वी गेट स्टेशन में 36 घंटे में नौ डबल टी-गर्डर रखने का कार्य पूरा कर लिया।
आगरा, जागरण संवाददाता। शहर में अंडरग्राउंड मेट्रो ट्रैक का निर्माण जनवरी 2022 से शुरू होगा। एक किमी ट्रैक के निर्माण में 300 से 350 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह कार्य एक से डेढ़ साल तक पूरा होगा। अंडरग्राउंड ट्रैक साढ़े सात किमी लंबा होगा। सिकंदरा से ताज पूर्वी गेट तक पहले कारिडोर में सात स्टेशन होंगे। आगरा कालेज स्टेशन पर आगरा मेट्रो का पहला और दूसरा कारिडोर जुड़ेगा।
उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) द्वारा फतेहाबाद रोड पर ताज पूर्वी गेट, बसई और फतेहाबाद रोड स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। यह तीनों स्टेशन एलीवेटेड हैं, जिनके निर्माण पर 272 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यानी एक किमी एलीवेटेड ट्रैक के निर्माण में 90.66 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। शहर में मेट्रो ट्रैक तीस किमी लंबा होगा। पहला कारिडोर 14 और दूसरा कारिडोर 16 किमी लंबा होगा। यूपीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि कुल 27 स्टेशन होंगे जिसमें 20 एलीवेटेड और सात अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे। पिछले माह यूपीएमआरसी ने सात अंडरग्राउंड स्टेशनों के टेंडर जारी कर दिए हैं। टेंडर 12 अक्टूबर तक स्वीकार किए जाएंगे फिर टेंडर की अगले चरण की प्रक्रिया पूरी होगी। जनवरी 2022 से संबंधित एजेंसी द्वारा निर्माण शुरू किया जाएगा।
दिसंबर 2023 में शुरू होगा मेट्रो का संचालन: ताज पूर्वी गेट स्टेशन से लेकर जामा मस्जिद तक मेट्रो का प्राथमिकता वाला कारिडोर है। सबसे पहले इसी कारिडोर पर दिसंबर 2023 में मेट्रो का संचालन शरू होगा। इसमें तीन एलीवेटेड और तीन अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे।
यह हैं अंडरग्राउंड स्टेशन : ताजमहल, आगरा किला, जामा मस्जिद, एसएन मेडिकल कालेज, आगरा कालेज, राजा की मंडी और आरबीएस कालेज।
36 घंटे में रखे गए नौ डबल टी-गर्डर: ताज पूर्वी गेट मेट्रो स्टेशनों में यूपीएमआरसी की टीम ने 36 घंटे में नौ डबल टी-गर्डर रखने का कार्य पूरा कर लिया। अब तक 11 डबल टी-गर्डर रखे जा चुके हैं। मेट्रो के एलीवेटेड ट्रैक पर 16 पियरकैप रखे जा चुके हैं।