आगरा में महिला ने पलक झपकते ही उड़ाए 15 लाख के जेवर, CCTV कैमरे में कैद हुई वारदात
आगरा के सुल्तानपुरा बाजार स्थित सचिन ज्वैलर्स में एक नकाबपोश महिला ने काउंटर से 15 लाख रुपये के जेवर 30 सेकेंड में चुरा लिए।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की तलाश कर रही है और मामला दर्ज कर जांच जारी है।
HighLights
नकाबपोश महिला ने सचिन ज्वैलर्स से की चोरी।
30 सेकेंड में 15 लाख रुपये के जेवर उड़ाए।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज से कर रही है तलाश।
जागरण संवाददाता, आगरा। दीपावली से पहले कैंट के पास सुल्तानपुरा बाजार स्थित सचिन ज्वैलर्स में शनिवार दोपहर चोरी की घटना सामने आई। मास्क पहने एक महिला काउंटर पर रखा जेवरात का डिब्बा उठाकर दुपट्टे में छिपा ले गई। घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस महिला की तलाश कर रही है।
दुकान के मालिक और सुल्तानपुरा निवासी सौरभ अग्रवाल ने बताया घटना दोपहर तीन बजकर 20 मिनट की है। उस समय वह दुकान पर थे और कर्मचारी ग्राहकों को जेवर दिखा रहे थे। काउंटर पर रखा डिब्बा गायब मिला तो उन्होंने पहले दुकान के भीतर तलाश की। डिब्बा नहीं मिलने पर ग्राहकों को रोककर सीसीटीवी फुटेज देखी। उसमें महिला बिना कुछ कहे दुकान में आती, डिब्बा उठाकर दुपट्टे में छिपाती और चुपचाप बाहर जाती दिखी। किसी का ध्यान उस पर नहीं गया। डिब्बे में चूड़ियों के चार सेट थे। हर सेट में चार चूड़ियां थीं।
जेवरात की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। वारदात करीब 30 सेकेंड में हुई। बताया पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदार से कहा कि उनकी गलती है। दुकान में रखे सामान की सुरक्षा पुलिस कैसे कर सकती है। उन्हें ध्यान रखना चाहिए था। पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरों की मदद से महिला का पता लगा रही है।
उम्मीद है कि वह आसपास की रहने वाली हो सकती है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं बाहर से कोई गिरोह तो नहीं आया। एसीपी सदर अमीषा ने बताया सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान की जा रही है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है, जांच जारी है।