दहेज की वेदी पर चढ़ी एक और बेटी, पहले दिया जहर फिर लटका दिया फंदे से Agra News
चार साल पहले हुई थी शादी। विवाहिता का तीन साल का बेटा भी है।
आगरा, जागरण संवाददाता। पति के अवैध संबंध और दहेज की बलि पर चढ़ गई एक विवाहिता। छह अक्टूबर से जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रही विवाहिता ने बुधवार को आखिरी सांस ली। परिजनों ने ससुरालपक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पोस्टमार्टम हाउस पर परिवारीजन हंगामा कर रहे हैं।
मामले के अनुसार कमला नगर की रहने वाली मानसी की चार वर्ष पूर्व राजपुर चुंगी निवासी गौरव चिटकारा से शादी हुई थी। दोनों के तीन साल का बेटा भी है। मानसी के परिजनों के अनुसार गौरव सरकारी महकमे में कार्यरत है। शादी के बाद से उसके संबंध अन्य महिलाओं से थे। इतना ही नहीं मैच फिक्सिंग भी वो करता था। शराब और अन्य महिलाओं के फोन के कारण आए दिन दोनों में झगड़ा होता था। पांच अक्टूबर को मानसी अपने मायके एक गमी में शामिल होने जा रही थी। रास्ते में भी दोनों में इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। छह अक्टूबर को गौरव ने अपनी सास को फोन कर बेटी को ले जाने की बात कही और अपने घर बुलाया। मानसी के घरवाले जब तब स्थिति को समझ पाते तब तक मानसी की सास का फोन आ गया कि तुरंत चले आओ। मानसी के परिजन उसकी ससुराल जब पहुंचे तो बेटी को मरणासन्न हालत में देख उनके होश उड़ गए। उसके हाथ पैर पीले पड़े हुए थे। लंबी लंबी सांसेंं ले रही थी। ससुरालीजनों ने बताया कि उसने आत्महत्या की कोशिश की है। आनन फानन में मानसी के माता पिता उसको लेकर उपाध्याय नर्सिगहोम पहुंचे। जहां उसे वेटिंलेटर पर रखा गया। बुधवार सुबह मानसी ने आखिरी सांस ली। पुलिस को मामले की जानकारी होने पर शव को पोस्टमार्टम गृह लाया। यहां परिजन आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हंगामा कर रहे हैं। मानसी के ससुरालीजनों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है।