Positive India: नहीं सोएगा शहर में कोई भूखा, मदद को बढ़े हाथ सैकड़ों हाथ
दिन-रात असहायों जरूरतमंदों और प्रवासियों की सहायता में जुटे हैं लोग। बिना किसी भेदभाव के परेशान लोगों की कर रहे हैं सामाजिक संगठन मदद।
आगरा, जागरण संवाददाता। साथी हाथ बढ़ाना, साथी रे... फिल्म'नया दौर' का यह गीत ताजनगरी की उन संस्थाओं व लोगों पर मुफीद बैठ रहा है, जिन्होंने कोरोना वायरस के संक्रमण रूपी संकट की घड़ी में असहायों, जरूतमंदों और प्रवासियों की सहायता को स्वयं को समर्पित कर दिया है। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए वो खुले हाथों से लोगों की मदद में दिन-रात जुटे हुए हैं:
सक्षम डावर मेमोरियल ट्रस्ट और सेवा भारती
सक्षम डावर मेमोरियल ट्रस्ट और सेवा भारती द्वारा संचालित अंत्योदय अन्नपूर्णा सेवा के तहत त्रिवेणी फार्म स्थित अत्याधुनिक किचन में भोजन के पैकेट तैयार कराए जा रहे हैं। ट्रस्ट के संस्थापक पूरन डावर ने बताया कि प्रतिदिन सुबह-शाम 2500-2500 भोजन के पैकेट तैयार हो रहे हैं। इन्हें पुलिस-प्रशासन के सहयोग से जरूरतमंदों को वितरित किया जा रहा है। इस काम में 25 वॉलंटियर लगाए गए हैं। डावर ने बताया कि तीन दिन से वो शहर में 200 पैकेट अपनी गाड़ी में लेकर घूम रहे हैं, लेकिन उन्हें सड़कों पर कोई भूखा नहीं मिला है। लोगों को खाने को भोजन उपलब्ध हो रहा है। कोरोना वायरस के चलते लॉक डाउन को देखते हुए प्रशासन शहर की सीमा पर प्रवासियों को रुकवाने की व्यवस्था टेंट या स्कूलों में करें। जांच के बाद उन्हें बसों से उनके शहरों में भेजा जाए। इससे व्यवस्था बनी रहेगी और संक्रमण भी नहीं फैलेगा।
साईं सेवा मित्र मंडल
साईं सेवा मित्र मंडल के 250 वॉलंटियर जरूरतमंदों की सेवा में जुटे हैं। संस्था के सचिव संजय सत्यदेव ने बताया कि वास्तविक जरूरत वाले लोगों का वेरीफिकेशन कर हम उन्हें राशन उपलब्ध करा रहे हैं। मंगलवार सुबह 42 परिवारों तक सहायता पहुंचाई गई। कस्तूरी विहार देवरी रोड स्थित सेवा केंद्र पर हम लंगर चला रहे हैं। यहां रहने वाले दिहाड़ी मजदूरों को सुबह-शाम भोजन कराया जा रहा है। मंगलवार सुबह मधु नगर चौराहा को दो घंटे सेनेटाइज किया गया। इसके अलावा डिफेंस एस्टेट फेज-1, कृष्णा कॉलोनी, रामविहार कॉलोनी, हिमाचल कॉलोनी, कस्तूरी विहार, ईएमआइ कॉलोनी, मधुनगर गुरुद्वारा को सेनेटाइज किया गया।
अग्रवाल महासभा
अग्रवाल महासभा ने भगवान टॉकीज चौराहा स्थित होटल आशादीप पर खुले फूड सेंटर पर मंगलवार को गरीब और असहाय लोगों के सुबह-शाम के भोजन के लिए को 500 पैकेट तैयार कराकर पुलिस-प्रशासन को उपलब्ध कराए गए। अध्यक्ष दिनेश बंसल कातिब, संरक्षक केदारनाथ अग्रवाल, संदीप गोयल, मुकेश नेचुरल, अजय अग्रवाल, सचिन गोयल, ब्रजेश अग्रवाल, शकुन बंसल, ऋषि अग्रवाल आदि इस कार्य में लगे है।