सिरफिरे ने घर मे घुसकर युवती को चाकू से गोदा, खुद भी किया खुदकशी का प्रयास Agra News
तीन माह पूर्व हुई थी युवती की शादी। दो सप्ताह पूर्व सावन में मायके रहने आई थी युवती।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में शुक्रवार को सिरफिरे ने सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया। दिनदहाड़े घर मे घुसकर युवती को चाकू से गोद डाला। वहां पहुंची महिला ने आरोपित को कमरे में बंद कर दिया। खुद को भीड़ से घिरा देखकर आरोपित ने अपने आप को भी चाकू से लहूलुहान कर लिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कॉलोनी के एक मकान में किराये पर रहने वाली युवती की शादी तीन महीने पहले हुई थी। युवती सावन माह में दो सप्ताह पहले पीहर आयी थी। शुक्रवार दोपहर करीब पौने 12 बजे कमरे में थी। मां आंगन में कपड़े धो रही थी। इसी दौरान एक युवक घर मे घुसा, नीचे किराये पर रहने वाली महिला ने उसे टोका की कहां जा है। इस पर युवक ने युवती की मां का नाम बोला और कहा कि उसके पास जा रहा हूं।
इसके बाद युवक ने प्रथम तल पर रहने वाली युवती की मां के कमरे में घुस गया। कमरे में दाखिल होते ही उसने युवती को ताबड़तोड़ चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। इसी बीच पड़ोस में रहने वाली महिला अपने बच्चों को स्कूल से लेकर जैसे ही घर में पहुंची उसने स्थिति को भांप साहस दिखाते हुए युवक को कमरे में बंद कर दिया। शोर मचाने पर कॉलोनी के लोगों ने आरोपित को घेर लिया। इस पर युवक ने खुद को चाकू मारकर खुदकशी की कोशिश की। पुलिस ने आरोपित को कमरे से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपित की पहचान नहीं हो सकी है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप