निचला पारा कम और दिन में धूप चटख, बदल रहा अब मौसम का मिजाज Agra News
ताजनगरी में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम। अधिकतम तापमान 22 डिग्री से अधिक आज निकलेगी धूप। सोमवार से बदल रहा स्कूलों का समय।
आगरा, जागरण संवाददाता। मौसम का मिजाज बदल रहा है। सुबह और रात को सर्दी और दिन में धूप पसीने छुड़ाने लगी है। तापमान में फेरबदल ऐसा है कि सुबह सर्द हवा से शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे पहुंच गया था। वहीं, दोपहर में धूप निकली, रात को सर्द हवा चलने से सर्दी बढ़ गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को तेज धूप निकलेगी।
रविवार सुबह से ही धूप तेज है, हालांकि अलसुबह ओस भी रही और शहर के बाहरी इलाकों में मामूली कोहरा। सुबह नौ बजे के साथ ही धूप गर्माहट देने लगी है। इससे पहले शनिवार को सुबह भी ठंडक रही, सर्द हवा चलने से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 7.9 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 85 फीसद दर्ज की गई। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 22.3 डिग्री रहा। रविवार को भी अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं।
निकलेगी धूप, 20 डिग्री के करीब रहेगा पारा
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सात फरवरी तक मौसम साफ रहेगा, सुबह सर्द हवा चलने के साथ धूप निकलेगी। इससे न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री के बीच रहेगा। वहीं, अधिकतम तापमान 20 डिग्री के करीब रह सकता है।
अधिकांश स्कूलों का समय बदला
दिन में धूप अच्छी निकलने के साथ ही स्कूलों का समय भी सोमवार से बदल रहा है। अधिकांश स्कूलों ने सुबह का समय 30 से 40 मिनट पहले का कर दिया है। अभी तक शीतलहर को देखते हुए स्कूल सुबह नौ बजे से आरंभ हो रहे थे, सोमवार से समय 8:20 या 8:30 बजे का हो रहा है। इससे दोपहर मेंं छुट्टी का समय भी आधा घंटे पहले का हो गया है।
बच्चों का ध्यान रखने की जरूरत
बदलता मौसम अक्सर सेहत पर असर डालता है। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों का खासतौर पर ध्यान रखने की जरूरत है। बच्चे सुबह स्कूल जाते वक्त स्वेटर और कोट दोनों पहन रहे हैं, दोपहर में धूप तेज होने के साथ ही स्कूल में गर्म कपड़े उतारकर बैग में रख लेते हैं। लेकिन छुट्टी के वक्त लौटते समय हवा फिर ठंडी हो जाती है। तापमान के उतार-चढ़ाव के बीच बच्चे बुखार और जुकाम से पीडि़त हो रहे हैं।