सातवें अजूबे ताजमहल को कुछ पल को नैनों से दूर करना चाहती हैं नैना
आगरा की जादूगरनी को प्रशासन की अनुमति का इंतजार। ताज के शो से कला को पुनर्जीवित करने का सपना।
आगरा, आदर्श नंदन गुप्ता। शाहजहां ने मुमताज की याद में ताजमहल तामीर कराया और अपनी हसरत पूरी की। अब इसे देख कर देश और दुनिया के लोग अपनी ख्वाहिश पूरी करते हैं। लेकिन, शहर की एक जादूगरनी नैना इसे गायब करने को बेताब है। सिकंदरा के राममोहन नगर निवासी नैना अब तक 200 से अधिक शहरों में 1400 से अधिक शो कर चुकी हैं।
नैना कहती हैं कि देश के विभिन्न नगरों में जादू के शो करने के बाद अब एक बड़ी तमन्ना है कि जादुई करिश्मे से वे ताजमहल को कुछ पल के लिए गायब करें। नैना अपने 80 से अधिक शो में हाथी को गायब कर चुकी हैं। विश्व विख्यात ताजमहल को गायब करने के लिए वे कई बार शासन, प्रशासन से संपर्क कर चुकी हैं, लेकिन अनुमति नहीं मिल पाई है। वे ताजमहल को गायब करने के बाद दुनिया में भारत की इस लुप्त होती कला को पुनर्जीवित करना चाहती हैं।
देश में गिनी-चुनी जादूगरनी हैं। उनमें से एक हैं आगरा के राममोहन नगर निवासी विशाल श्रीवास्तव की बेटी नैना। वे छह साल की उम्र से जादू दिखा रही हैं। पहली प्रस्तुति में उन्होंने हवा में उड़ कर दिखाया था। उसके बाद से लगातार यह सिलसिला जारी है। करीब 25 साल से वे इस कला के उत्थान के लिए लगातार जुटी हुई हैं।
सबसे बड़ा शो हरियाणा में कर चुकी हैं, जिसमें देश-विदेश के जादूगर शामिल हुए थे, उसमें उन्हें भी सम्मानित किया गया था। उसमें उन्होंने आंखों पर पट्टी बांध कर बाइक चलाई थी। नैना के गुरु विश्व विख्यात जादूगर ओपी शर्मा हैं। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार ने इस कला के संवर्धन के लिए मनोरंजन कर मुक्त कर दिया है। इसके बावजूद इसमें कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। नैना कहती हैं कि जादू एक ऐसी कला है, जिससे नई पीढ़ी का शारीरिक और मानसिक विकास कराया जा सकता है। इससे स्वस्थ मनोरंजन होता है, परिवार सहित इसका लोग आनंद ले सकते हैं, लेकिन मोबाइल ने इस कला को काफी नुकसान पहुंचाया है। जबकि इसे सजीव देखने से काफी मनोरंजन होता है। उनका प्रयास है कि स्कूलों में जा कर इस कला के जरिये विद्यार्थियों का शारीरिक मानसिक विकास किया जाए।
नैना ने बताया कि उनकी बहन सुनैना भी जादू के शो करती हैं। दोनों ही बहनें कन्या भ्रूण हत्या, महिलाओं की सुरक्षा, वृक्षारोपण आदि का संदेश भी इस जादू कला के माध्यम से देती हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप