आगरा में एक साथ उठीं तीन सगे भाइयों की अर्थी, मची चीख-पुकार; इटावा हादसे में हुई थी मौत
लखनऊ एक्सप्रेसवे पर इटावा में हुए हादसे में चार भाइयों की मौत हो गई, जिनमें तीन सगे थे। वे नई ...और पढ़ें

HighLights
लखनऊ एक्सप्रेसवे हादसे में चार भाइयों की दुखद मौत
नई कार पूजन और दीपावली टीका हेतु जा रहे थे
आगरा के तीन सगे भाई और एक मौसेरा भाई
जागरण संवाददाता, आगरा। लखनऊ एक्सप्रेसवे पर इटावा क्षेत्र में मंगलवार को हुए हादसे में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। मरने वालों में तीन सगे और एक मौसेरा भाई था। चारों भाई नई कार के पूजन को अपने पैतृक गांव और दीपावली की दूज पर बहन से टीका कराने जा रहे थे।
बुधवार शाम पांच बजे एक साथ चार शव बस्ती में पहुंचे तो परिवार की महिलाओं को संभालना मुश्किल हो गया। तीन सगे भाइयों समेत परिवार में एक साथ चार मौतों ने दीपोत्सव की खुशियों को मातम में बदल दिया। शाम को एक साथ चार अर्थी घर से उठीं तो पूरी बस्ती की आंखें नम हो गईं।
बोदला के राहुल नगर स्थित शारदा विहार निवासी सगे भाइयों गोविंद चौहान, मोहित चौहान, हरिओम चौहान और उनके मौसेरे भाई विकास समेत छह लोग मंगलवार को पैतृक गांव औरेया जा रहे थे।
लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उनकी तेज रफ्तार कार आगे जा रहे मिनी ट्रक से टकराने पर मोहित, विकास और गोविंद की मौत हो गई थी। गोविंद के जीजा संजय ने बताया कि सैफई मेडिकल कॉलेज में मंगलवार की रात डेढ़ बजे हरिओम की भी उपचार के दौरान मौत हो गई।
सैफई मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद चारों के शव शाम को बस्ती में पहुंचे तो मुहल्ले में चीत्कार मच गई। हर तरफ से रोने की आवाज आ रही थी।
एक साथ तीन भाइयों समेत चार लोगों की मौत ने पूरे परिवार को हिला दिया है। तीनों भाइयों के पिता पैरालाइसिस से पीड़ित हैं। परिवार की महिलाएं रोकर यही कह रही थीं कि वृद्ध मां और पिता की देखभाल अब कौन करेगा। चारों का अंतिम संस्कार कैलाश घाट स्थित श्मशान घाट पर किया गया।
मासूम बेटे को रोता देख नहीं रुक रहे थे आंसू
गोविंद की शादी तीन वर्ष पहले हुई थी। उनका आठ महीने का बेटा वंश है। वह पिता को देखने के लिए मंगलवार शाम से रो रहा था। परिवार के लोग किसी तरह बहलाकर शांत करा रहे थे।
शाम को शवों के घर पहुंचने पर बेटा एक बार फिर पिता को याद करके बेतहाशा रोने लगा। यह देख वहां मौजूद लोग भी रोने लगे। वहीं, मौसेरे भाई विकास की शादी भी एक वर्ष पहले ही हुई थी। उनकी पत्नी रिया की रोते-रोते हालत बिगड़ गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।