विवाहिता से प्यार का चक्कर पड़ गया जिंदगी पर भारी
तीन माह पहले विवाहिता को लेकर भागा था ऑटो चालक। दो सप्ताह बाद वापस लौटी विवाहिता के पति से हो गया था राजीनामा।
आगरा(जागरण संवाददाता): दूसरे की पत्नी के साथ प्यार का चक्कर एक ऑटो चालक की जिंदगी पर भारी पड़ गया।
मामला जगदीशपुरा थाना क्षेत्र का है।
क्षेत्र के बिचपुरी में ऑटो चालक बीरू खान की पीट पीटकर हत्या कर दी गई।
बताया जा रहा है कि हत्या के पीछे एक विवाहिता को भगा ले जाने का विवाद है।
तीन माह पूर्व एक विवाहिता बीरू के साथ भाग गई थी। भागने के दो सप्ताह बाद वो लौटकर भी आ गई थी। उस वक्त मामले ने खासा तूल पकड़ लिया था, लेकिन स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद विवाहिता के पति और बीरू के बीच राजीनामा होकर मामला शांत हो गया था।
स्थानीय समझदार लोगों की पहल से आपसी विवाद को खत्म कर दिया गया था। लेकिन अब मृतक के परिजनों का आरोप है कि विवाहिता के पति ने साजिश के तहत राजीनामा किया था। विवाहिता का पति बीरू से रंजिश मानकर बैठा था। वो उससे किसी भी हालत में बदला लेना चाहता था। ऑटो चालक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाहिता का पति कई दिनों से मौका देख रहा था। 22 जुलाई की रात बस्ती के बाहर कुछ लोगों ने बीरू को घेरकर हमला बोल दिया। हमलावर उसे तब तक पीटते रहे जब तक कि उसकी जान नहीं चली गई। बस्ती के एक व्यक्ति ने जब बीरू को लहूलुहान हालत में देखा तो परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंचकर परिवारवालों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जल्द ही हमलावरों को हिरासत मे ले लिया जाएगा।