आगरा महोत्सव में 'बचना ए हसीनों..' पर लोगों ने खूब लगाए ठुमके
आगरा महोत्सव में शनिवार रात हुई 'नाचो झूमके' की प्रस्तुति, इंडियाज गॉट टेलेंट फेम कोरियोग्राफर संदीप गुप्ता ने जमाया रंग
आगरा (जागरण संवाददाता): कोठी मीना बाजार मैदान में चल रहे आगरा महोत्सव में शॉपिंग के साथ धमाकेदार प्रस्तुतियों का दौर जारी है। शनिवार की रात हुई 'नाचो झूमके' की प्रस्तुति में इंडियाज गॉट टेलेंट फेम कोरियोग्राफी संदीप गुप्ता ने रंग जमाया। चंचल उपाध्याय ने किशोर के नगमे सुनाकर श्रोताओं को दीवाना बना लिया।
आगरा महोत्सव में शनिवार की शाम बॉलीवुड गायक किशोर कुमार के नाम रही। चंचल उपाध्याय ने किशोर के गाए गीत सुनाकर रंग जमाया। उन्होंने बचना ए हसीनों लो मैं आ गया.., चेहरा है या चांद खिला.., एक चतुर नार करके सिंगार.. जैसे सदाबहार गीत गाकर श्रोताओं में जोश भर दिया। रात में मंच एक बार फिर नाचो झूमके की प्रस्तुति के दौरान झंकृत हुआ। मुख्य जज जेडीआइ के विजेता, डांस दीवाने 2018 और डांस प्लस 2 और इंडियाज गॉट टेलेंट फेम कोरियोग्राफर संदीप गुप्ता रहे। एकता डांस एकेडमी की एकता जैन के निर्देशन में आगरा, मथुरा, फीरोजाबाद, लखनऊ, इटावा, मैनपुरी, शिकोहाबाद के करीब 100 बच्चों ने जूनियर व सीनियर कैटेगरी में ग्रुप, सोलो और डुएट डांस की प्रस्तुति दी।
मुस्कान मेड़तवाल ने बैले नृत्य और तनिक्षा सजल ने गंगनम स्टाइल की प्रस्तुति देकर दर्शकों को तालियां बजाने पर बाध्य कर दिया। लखनऊ की दीप्ति ने सेमी-क्लासिकल नृत्य प्रस्तुत किया। अंत में संदीप गुप्ता ने कंटेम्परेरी डांस की प्रस्तुति दी।
आज महोत्सव का अंतिम दिन
आगरा महोत्सव के समन्वयक मनीष अग्रवाल ने बताया कि चार नवंबर को महोत्सव का अंतिम दिन है। व्यापारियों द्वारा स्टॉक क्लीयरेंस सेल को बंपर ऑफर दिए जाएंगे। दोपहर दो बजे से रात 11 बजे तक मेले में खरीदारी की जा सकेगी।