Lockdown 3.0: बेवजह घूमने वालों पर सख्त हुआ कानून का शिकंजा, सीमाएं भी हुईं सील
रात 12 बजे से शहर की सीमाओं को किया सील। बाइक पर एक और कार में दो लोग ही जा सकेंगे।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना वायरस संक्रमण फैलने से रोकने के लिए पुलिस अब निर्णायक कदम उठाने की तैयारी कर चुकी है। रविवार की रात 12 बजे से शहर की सीमाओं काे सील कर दिया गया। इसके साथ ही सड़क पर बेवजह घूमने वालाें के खिलाफ पुलिस मुकदमा दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार करेगी। उनके वाहनों को चालान की जगह सीज करेगी।
सोमवार से अब सड़क पर सोच समझ कर ही निकलें। लगातार कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब पुलिस प्रशासन एक्शन में आ गया है। प्रदेश सरकार से मिले सख्ती के आदेश के बाद से अब कानून का शिकंजा सड़क पर बेवजह घूमने वालों पर अधिक कसेगा। लॉकडाउन के बावजूद लोग शाम को सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। इस दाैरान वह शारीरिक दूरी का पालन करते भी नहीं दिखाई दे रहे हैं। पुलिस-प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद ऐसे लोग कोरोना से जंग में कमजोर कड़ी साबित हो रहे हैं। पुलिस अब सात दिन तक पूरी तरह से सख्ती के मूड़ मे है। इसे लेकर उसने कुछ दिशा-निर्देश तय किए हैं। इनमें प्रमुख हैं
-शहर से कोई भी व्यक्ति देहात नहीं जा सकेगा, इसी तरह देहात का कोई व्यक्ति शहर की सीमा में नहीं आ सकेगा।
-अस्पताल या दवा के लिए आपात स्थिति में वह एंबुलेंस और पुलिस को फोन करेगा।
-आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोग पास का दुरुपयोग नहीं कर सकेंगे।
-उनकी ड्यूटी किस समय लगी है, किस रूट पर लगी है इसे भी चेक किया जाएगा।
-बाइक पर एक ही व्यक्ति चल सकेगा।उसके पास जरूरी पास, मॉस्क होना जरूरी है।
-वहीं कार में सिर्फ दो लोग ही जा सकेंगे। इससे अधिक होने पर उसे मौके पर ही सीज कर दिया जाएगा।
-हॉट स्पॉट एरिया के लोग बाहर नहीं जा सकेंगे।ना ही कोई बाहरी व्यक्ति हॉट स्पॉट एरिया में जा सकेगा।
-राशन की दुकानों के खुलने का समय पूर्ववत रहेगा।यदि वहां शारीरिक दूरी का पालन नहीं होता है तो दुकानदार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाएगा।इसके लिए रविवार की रात 12 बजे से शहर की सीमाओं को सील कर दिया गया है। इसका उल्लघंन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार किया जाएगा।
बबलू कुमार एसएसपी