Lockdown 3.0: अनूठी राष्ट्रभक्ति, एक भी दिन नहीं रुका यहां तो ध्वजारोहण
Lockdown 3.0 अजीत नगर चौराहा पर प्रतिदिन गूंजते हैं देशभक्ति के तराने। तिरंगे को दी जाती है सलामी याद किया जाता है राष्ट्रभक्तों को।
आगरा, आदर्श नंदन गुप्त। कोरोना महामारी पर लगे लाकडाउन में भी नियमों का पालन करते हुए सेल्फी पाइंट (तिरंगा चौराहा) पर प्रतिदिन सायरन बजता है, लोग एकत्र होते हैं, राष्ट्र गान के साथ ध्वजारोहण किया जाता है। तिरंगे को सामूहिक सलामी दी जाती है। राष्ट्रीय एकता, अखंडता के संकल्प लिए जाते है। सभी लोग देशभक्तों को नमन करते हैं।
खेरिया मोड़ चौराहा सेल्फी पाइंट एक राष्ट्रभक्ति का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां दो साल से लगातार रोजाना झंडा फहराया जाता है। कोई दिन ऐसा नहीं रहा, जब ध्वजारोहण नहीं किया गया हो। कोराना महामारी पर जनता कर्फ्यू के बाद जब से शहर में लाकडाउन हुआ है, तब भी वहां प्रतिदिन सुबह झंडा फहराया जाता है, शाम को विधिविधान के साथ उतारा जाता है।
अजीत नगर बाजार कमेटी द्वारा यह कार्यक्रम हर रोज किया जा रहा है। कमेटी के अध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि ध्वजारोहण की शुरुआत 26 जनवरी 2018 से हुई, उसके बाद एक भी दिन ऐसा नहीं आया, जब झंडा नहीं फहराया गया। सुबह निधारित समय पर सायरन बजते ही कमेटी के पदाधिकारी व आसपास के लोग एकत्र होते हैं। अब शहर से अतिथि तो नहीं बुलाए जा सकते, इसलिए क्षेत्र में तैनात सुरक्षा कर्मियों व प्रतिष्ठित नागरिकों में से किसी एक को अतिथि बना कर उनसे झंडा फहरवा दिया जाता है। इस प्रकार लाकडाउन में भारत माता के जयघोष, देशभक्ति के तराने वहां गूंज रहे हैं। रविवार को सुबह क्षेत्रीय सामाजिक कार्यकर्ता संजय कुमार ने ध्वजारोहण किया।
नियमों का कर रहे पालन
लोकडाउन के दौरान सभी नियमों का यहां पालन किया जा रहा है। एक मीटर की शारीरिक दूरी रखी जाती है। सभी लोग मास्क लगा कर शामिल होते हैं।
846 अतिथि फहरा चुके हैं राष्ट्र ध्वज
अध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि अब तक 846 लोग यहां ध्वजारोहण कर चुके हैं। जिनमें प्रदेश के मंत्री, नगर प्रमुख, सांसद, सभी विधायक, प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा प्रमुख समाजसेवी, कवि, साहित्यकार शामिल हैं।
आयोजन कमेटी में हैं ये पदाधिकारी
अध्यक्ष राजेश यादव, उपाध्यक्ष पारस शर्मा, उपाध्यक्ष पवन कुशवाहा, सुनील जेठी, दिनेश अरोड़ा, मो.चांद गौरी, महामंत्री राना रंजीत सिंह, मंत्री सुघेंद्र कुमार, विशाल क्वात्रा के अलावा मीडिया प्रभारी संजय नोतनानी, मनोज नोतनानी व व्यवस्थापक सुंदरलाल चेतवानी व कुलविंदर सिंह।