आगरा में नंदगांव अटेर पुल के पास तेंदुआ दिखने से फैली दहशत, वन विभाग ने सावधानी बरतने की अपील की
चंबल के बीहड़ में नंदगांव-अटेर पुल के पास तेंदुआ दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI से बनाया गया है।
HighLights
चंबल के बीहड़ में नंदगांव-अटेर पुल के पास तेंदुआ दिखा।
तेंदुए के दिखने से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई।
वन विभाग ने निगरानी बढ़ाने और लोगों से सतर्क रहने को कहा।
संवाद सूत्र, जैतपुर(आगरा)। चंबल के बीहड़ में नंदगांव -अटेर पुल के रास्ते के पास शुक्रवार शाम करीब पांच बजे तेंदुआ दिखाई देने पर आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही इस मार्ग से रोजाना पैदल आवागमन करने वाले राहगीर भी परेशान है।
ग्रामीण सोनू, विनय और अजय के मुताबिक, शाम करीब पांच बजे पुल के रास्ते के पास तेंदुआ दिखाई दिया। लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। चंबल के बीहड़ से सटे इस इलाके में जंगली जानवर की चहलकदमी से लोग सहमे हुए हैं। इस रास्ते से प्रतिदिन मध्य प्रदेश की ओर से ग्रामीण पैदल पुल पार कर अपने गांवों तक पहुंचते हैं। ऐसे में तेंदुए के दिखाई देने के बाद लोगों को रास्ते में हमले का डर सताने लगा है।
ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलने के बाद इस मार्ग से अकेले गुजरना खतरे से खाली नहीं है। खासकर पैदल आने-जाने वाले लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है। वहीं ग्रामीण भी भयभीत है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
नंदगांव चौकी इंचार्ज वन दारोगा राहुल जादौन ने बताया कि तेंदुआ दिखाई देने की सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है। वन विभाग की टीम से क्षेत्र में निगरानी कराई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से शाम के समय अकेले बीहड़ के रास्ते से नहीं निकलने और तेंदुआ दिखाई देने पर विभाग को सूचना देने की अपील की है।