विश्व धरोहर देखने का रिकॉर्ड बनाने उतरे दिग्गज
आगरा 23 सदस्यीय दल ने ताज से की शुरुआत, कुतुब मीनार पर करेगा समापन
आगरा: रविवार को ताजनगरी से 12 घंटे में सात विश्व धरोहरों को देखने का विश्व रिकॉर्ड बनाने की शुरुआत हुई। सार्वजनिक परिवहन के साधनों का उपयोग कर विश्व धरोहरों को देखने का संदेश दिया जा रहा है। इसे देखने के लिए सैलानियों की भी भारी भीड़ जमा हो गई है।
कोयंबटूर की ट्रैवल कंपनी ट्रायंफ एक्सपीडिशन द्वारा यह प्रयास कराया जा रहा है। इसमें 12 घंटे में देश के अलग-अलग राज्यों के व्यक्तियों का 23 सदस्यीय दल आगरा, भरतपुर व दिल्ली स्थित विश्व धरोहर स्थलों का भ्रमण करेगा। इसका उद्देश्य इन स्थलों का प्रचार और देश में सार्वजनिक परिवहन के साधनों की बेहतर व्यवस्था होने का संदेश देना है। जिससे कि देसी-विदेशी पर्यटक अपनी यात्रा में सार्वजनिक परिवहन के साधनों का उपयोग कर सकें। पहले विश्व रिकॉर्ड बनाने के कार्यक्रम की शुरुआत सुबह पांच बजे आगरा किला से होनी थी, लेकिन यह स्मारक सूर्योदय के समय खुलता है, जिससे यह संभव नहीं था। इसीलिए इसमें परिवर्तन करते हुए अब दल ने ताजमहल का भ्रमण कर विश्व रिकॉर्ड बनाने के प्रयास की शुरुआत की। ताज सूर्योदय से आधा घंटा पहले खुल जाता है। इन दिनों ताजनगरी में सुबह 5:30 बजे सूर्योदय हो रहा है, जिससे ताज सुबह पांच बजे खुल गया। इसीलिए दल सबसे पहले ताजमहल गया। दल के साथ गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड की टीम मौजूद है। यह है कार्यक्रम
समय, स्मारक
सुबह 5:00 बजे, ताजमहल
सुबह 5:30 बजे, आगरा किला
सुबह 7:00 बजे, फतेहपुर सीकरी
सुबह 8:15 बजे, केवलादेव नेशनल पार्क भरतपुर
दोपहर 1:00 बजे, हुमायूं का मकबरा
दोपहर 2:00 बजे, लाल किला
दोपहर 3:30 बजे, कुतुब मीनार।