अगले माह से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के बारे में जान लें ये महत्वपूर्ण जानकारी
हाईस्कूल और इंटर परीक्षाओं के लिए समय सारिणी जारी। सुबह की पाली में आठ बजे से और दोपहर दो बजे से होंगी परीक्षाएं।
आगरा, जेएनएन। इस बार यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बदले समय के साथ शुरू होंगी। अगले महीने से शुरू होने वाली परीक्षाओं की तैयारी में शिक्षा विभाग जुट गया है। कक्ष निरीक्षकों के अलावा केंद्र व्यवस्थापकों की भी जिम्मेदारी तय की जा रही है। बोर्ड परीक्षा के लिए शिक्षा विभाग ने समय सारिणी जारी कर दी है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के समय में पिछले साल की अपेक्षा परिवर्तन किया है। पिछले साल बोर्ड परीक्षाएं सुबह 7:30 बजे और दोपहर की पाली में 2:30 बजे से शुरू होती थी, लेकिन इस बार सुबह की परीक्षाएं 8:15 बजे से शुरू होंगी, जो 11:15 बजे तक चलेंगी, जबकि दोपहर की परीक्षाएं दो बजे से शुरू होकर 5:15 बजे समाप्त हो जाएंगी। हाईस्कूल की परीक्षाएं संगीत गायन के साथ सात फरवरी से शुरू होंगी। दोनों पालियों में होने वाली हाईस्कूल की परीक्षाएं करीब 21 वें दिन संस्कृत की परीक्षा के साथ समाप्त होंगी। इंटरमीडिएट की परीक्षाएं सात फरवरी को काष्ठ शिल्प- सिलाई के साथ शुरू होकर दो मार्च को अंग्रेजी की परीक्षा के साथ संपन्न होंगी। 25 दिन में होने वाली इंटर बोर्ड की परीक्षाओं के लिए परीक्षार्थियों को शिक्षा बोर्ड ने कार्यक्रम बनाने के दौरान काफी राहत दी है। कठिन विषयों की परीक्षाओं को सरल विषयों के इर्द-गिर्द ही रखा गया है।
तैयारियों में जुटा शिक्षा विभाग
बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद शिक्षा विभाग तैयारियों में जुट गया है। कक्ष निरीक्षकों के साथ केंद्र व्यवस्थापकों की भी जिम्मेदारी तय की जा रही है। परीक्षा के लिए केंद्र बनाए गए कॉलेजों से कक्ष निरीक्षकों के लिए नाम भी मांगे जा रहे हैं। परीक्षा शुरू होने से पहले सीसीटीवी और वॉयस रिकॉर्डर आदि के इंतजाम भी परखे जाएंगे।