Navratra 2020: मां दुर्गा के अलग-अलग रूपों को दर्शाते हैं ये 9 रंग, जानें इनका महत्व
Navratra 2020ज्योतिषाचार्य डॉ शोनू मेहरोत्रा के अनुसार नौ दिन मां दुर्गा के अलग-अलग रूपों को समर्पित हैं और हर देवी का अपना एक अलग रंग है इसलिए नवरात्रि में हर दिन एक खास रंग पहना जाता है जो बहुत ही विशेष परंपरा है।
आगरा, जागरण संवाददाता। नवरात्रि के नौ दिन मां दुर्गा के अलग- अलग रूपों की पूजा की जाती है। पूजा- पाठ से लेकर भोग लगाने, नृत्य और सिंदूर खेला तक हर एक चीज का अपना अलग महत्व होता है। ज्योतिषाचार्य डॉ शोनू मेहरोत्रा के अनुसार नौ दिन मां दुर्गा के अलग- अलग रूपों को समर्पित हैं और हर देवी का अपना एक अलग रंग है इसलिए नवरात्रि में हर दिन एक खास रंग पहना जाता है जो बहुत ही विशेष परंपरा है। इतना ही नहीं मां दुर्गा को भी हर दिन उसी रंग के वस्त्र पहनाए जाते हैं।
ये हैं माता के प्रमुख एवं प्रिय रंग
देवी शैलपुत्री
देवी मां के इस स्वरूप को पीला रंग अत्यंत प्रिय है। इसलिए इस दिन पीला रंग पहनना शुभ माना जाता है।
देवी ब्रह्मचारिणी
देवी ब्रह्मचारिणी को हरा रंग अत्यंत प्रिय है। इसलिए नवरात्रि के दूसरे दिन हरे रंग का वस्त्र धारण करें।
देवी चंद्रघंटा
देवी चंद्रघंटा को प्रसन्न करने के लिए नवरात्रि के तीसरे दिन हल्का भूरा रंग पहनें।
देवी कूष्माण्डा
देवी कूष्मांडा को संतरी रंग प्रिय है। इसलिए नवरात्रि के चौथे दिन संतरी रंग के कपड़े पहनें।
देवी स्कंदमाता
देवी स्कंदमाता को सफेद रंग अत्यंत प्रिय है। इसलिए नवरात्रि के पांचवे दिन सफेद रंग के वस्त्र पहनें।
देवी कात्यायनी
देवी मां के इस स्वरूप को लाल रंग अत्यंत प्रिय है। इसलिए इस दिन मां की पूजा करते समय लाल रंग का वस्त्र पहनें।
देवी कालरात्रि
भगवती मां के इस स्वरूप को नीला रंग अत्यंत प्रिय है। इसलिए नवरात्रि के सातवें दिन नीले रंग के वस्त्र पहनकर मां की पूजा-अर्चना की जानी चाहिए।
देवी महागौरी
देवी महागौरी की पूजा करते समय गुलाबी रंग पहनना शुभ माना जाता है। अष्टमी की पूजा और कन्या भोज करवाते इसी रंग को पहनें।
देवी सिद्धिदात्री
देवी मां के इस स्वरूप को बैंगनी रंग अत्यंत प्रिय है। इसलिए नवमी तिथि के दिन भगवती की पूजा करते समय बैंगनी रंग के वस्त्र पहनने चाहिए।
दसवीं देवी विजया देवी
माता को सिंदूरी रंग जो कि विजय का रंग है वो पसन्द है अतः सिंदूरी रंग के वस्त्र यानि कि ऑरेंज रंग के वस्त्र धारण करें ।