घर में घुसकर कातिलाना हमला, महिला पर दागी गोली, बहनोई पर किया चाकू से प्रहार Agra News
देर रात घर में जबरन घुसे आरोपित। एक लाख रुपए के लेनदेन का मामला बताया जा रहा।
आगरा, जेएनएन। मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र की गिरधर पुर गांव की बलदेव सिटी कॉलोनी में शनिवार देर रात को एक महिला और उसके बहनोई के ऊपर कातिलाना हमला किया गया। रात करीब दो बजे महिला पर घर में घुसकर दो युवकों ने फायरिंग की। एक गोली महिला के पीठ में लगी, जबकि उसके बहनोई का चाकू से गला रेतने का असफल प्रयास भी किया गया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मामले के अनुसार गांव तरोली की रहने वाली सुमन की ससुराल गांव राल में है। सुमन अपनी बहन रेखा के यहां पिछले करीब 4 साल से रह रही है। उसका पति से तलाक का मुकदमा चल रहा है। रात करीब दो बजे पड़ोस में रहने वाला सचिन अपने साथी मोनू भारद्वाज के साथ घर में घुस आया। उसने आते ही सुमन को निशाना बनाकर गोली मार दी। गोली सुमन की पीठ में लगी। सुमन की चीख सुन उसके बहनोई संजय ठाकुर की नींद खुल गई। संजय को मोनू भारद्वाज ने दबोच लिया और उसकी गर्दन पर चाकू से प्रहार किया। शोर-शराबा सुनकर सुमन की बहन रेखा भी जाग गई। आसपास के लोग एकत्र हो गए। इसी बीच दोनों आरोपित भागने लगे। सचिन भीड़ ने पकड़ लिया लेकिन उसका साथी मोनू फरार हो गया। मोनू भारद्वाज महोली रोड का रहने वाला बताया गया है। घटना की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर हाईवे एसआर गौतम कृषि मंडी पुलिस चौकी, प्रभारी विपिन कुमार फोर्स के साथ पहुंच गए। घायलों को नयति हॉस्पिटल में भर्ती भिजवाया। महिला की हालत गंभीर है। घटना के पीछे एक लाख रुपये का लेनदेन बताया गया है।