जयंत ने मोदी- योगी सरकार पर साधा निशाना
किरावाली में चुनावी अभियान की शुरुआत करने आए रालोद के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी। सभा स्थल पर करीब पांच हजार लोग रहे मौजूद।
आगरा(जागरण संवाददाता): रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने योगी और मोदी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि किसानों से किये वादे पूरे नहीं हुए। बिजली दरों के विरोध में 12 अगस्त को बिजली घरों का रालोद घेराव करेगी। योगी सरकार विधायक सेंगर को पार्टी से नहीं निकाल रही जबकि उसके खिलाफ सीबीआई चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक साल हो चुका है योगी सरकार को बने हुए। विकास का दावा करने वाली सरकार एक साल में कुछ नहीं कर पाई। किसानों की समस्याएं कम होने की जगह और बढ़ गई। लूट खसोट की वारदातें अपने चरम पर हैं। रालोद उपाध्यक्ष ने आक्रामक तेवरों के साथ प्रदेश में चुनावी अभियान का आगाज किया। शुक्रवार को जाटों की मिनी छापरौली कही जाने वाली किरावली के मिनी स्टेडियम में छोटे चौधरी की चुनावी सभा शुरू हुई। सभा स्थल पर आसपास के गावों से करीब पांच हजार लोग अपने नेता को सुनने के लिए मौजूद थे। खचाखच भीड़ में अपने नेता को लेकर खासा उत्साह दिखा। यही उत्साह स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी देखने को मिला।
केंद्र और राज्य सरकार की तमाम योजनाओं पर प्रहार करते हुए छोटे चौधरी ने भाजपा के खिलाफ पोल खोल अभियान की शुरुआत भी की। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की आय नहीं बढ़ाई। बिजली दरें आसमान छू रही हैं। बिजली मंत्री को जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि हमने संरक्षण फोरम बनाया है, इसके माध्यम से शिकायत और घोटालों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। रालोद उपाध्यक्ष अपने तय कार्यक्रम से एक घंटा देरी से सभा स्थल पर पहुंचे थे।
सबसे पहले आकर उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद अपने भाषण से लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंका। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बिजली की दरों और अपराधों पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया। चौधरी ने बिजली की बढ़ी हुई दरों पर किसानों को पार्टी पक्ष में लामबंद किया। विधानसभा चुनाव के बाद जयंत चौधरी किरावली में पहली बार सभा करने आए। उन्होंने स्थानीय मूल समस्याओं को समझते हुए अपनी बात शुरू की। जयंत चौधरी ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में बेरोजगारी बढ़ी है। लोगों के लिए रोजगार के अवसर लगभग समाप्त हो चुके हैं।