Janmashtmi 2020: कोरोना की काली छाया में गुजर रहे पर्व, जन्माष्टमी सहित इन आयोजनों पर भी संकट
Janmashtmi 2020 आगरा में 121 कंटेनमेंट जोन की संख्या। जिला प्रशासन नहीं दे रहा आयोजन सहित धार्मिक स्थल खाेलने की अनुमति।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना संक्रमण की काली छाया कृष्ण जन्माष्टमी पर भी पड़ गई। जिले में तेजी से बढ़ते केसों को देखते हुए जिला प्रशासन फिलहाल धाॢमक स्थलों को नहीं खोलेगा। ऐसे में लोगों को इस साल घर में ही जन्माष्टमी मनानी पड़ेगी। 12 अगस्त को होने वाले इस त्योहार पर धाॢमक स्थलों के बाहर पुलिस का पहरा रहेगा। अगर श्रद्धालु मंदिरों में पहुंच भी जाते हैं तो उन्हेंं प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। वहीं उत्तर भारत की प्रमुख रामलीला पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। अगस्त से ही रामलीला कमेटी की बैठकों का दौर शुरू हो जाता है। प्रमुख आयोजन राम बरात, जनकपुरी, विजयदशमी उत्सव की रूपरेखा तैयार की जाती है। खासकर जनकपुरी के आयोजन के लिए विभिन्न क्षेत्रों से प्रस्ताव मांगे जाते हैं। जिन्हेंं तय करने के लिए कमेटी की ओर से पांच प्रतिनिधियों की टीम गठित की जाती है। टीम संबंधित स्थलों का निरीक्षण करती है। फिर इसकी रिपोर्ट कमेटी देती है। तब जाकर स्थल का चयन होता है, लेकिन इस साल कोरोना संक्रमण के चलते रामलीला कमेटी की अभी तक एक भी बैठक नहीं हुई है। एक अक्टूबर से प्रस्तावित रामलीला के आयोजनों की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। प्रशासन से अनुमति के बाद ही आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय होगी।
56 साल से भव्य तरीके से सज रही जनकपुरी
शहर में 56 साल से भव्य तरीके से जनकपुरी सज रही है। पहली बार नौबस्ता, लोहामंडी स्थित पथवारी देवी गोपेश्वर नाथ मंदिर के आसपास शानदार तरीके से जनकपुरी सजी थी। यह आयोजन पूर्व विधायक अनुराग शुक्ला के स्वजनों, क्षेत्रीय लोगों द्वारा हुआ था।
- एक अक्टूबर से प्रस्तावित रामलीला महोत्सव के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। जिससे रामलीला मैदान में समय रहते तैयारियां पूरी की जा सकें। अभी तक अनुमति नहीं मिली है। प्रशासन के जो भी आदेश होंगे, उसी आधार पर आगे के कार्यक्रम तय होंगे।
-जेपी बागला, अध्यक्ष रामलीला कमेटी
- अगस्त में रामलीला कमेटी की कोई बैठक नहीं हुई है। जल्द ही कमेटी की बैठक होगी। विभिन्न आयोजनों की रूपरेखा तय की जाएगी। प्रशासन की अनुमति के बाद ही कार्यक्रम होंगे।
-श्री भगवान अग्रवाल, महामंत्री रामलीला कमेटी
- वर्तमान में 121 कंटेनमेंट जोन हैं। ऐसे में न आयोजन की अनुमति मिलेगी और न ही धाॢमक स्थलों को खोला जा रहा है। 31 अगस्त तक अनलॉक-3 रहेगा। बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। मास्क जरूर लगाएं। छह फीट की शारीरिक दूरी का पालन अनिवार्य रूप से करें।
प्रभु एन सिंह, डीएम