इटली के जोड़े ने हिंदू रीति-रिवाज से की शादी, आगरा आकर लिए सात फेरे
इटली के मैटियो और कैटरीना ने आगरा में हिंदू रीति-रिवाजों से शादी कर एक-दूसरे को जीवन साथी चुना। ताजमहल के ...और पढ़ें

आगरा में हिंदू रीति रिवाज से शादी करते इटली के मैटियो और कैटरीना।
जागरण संवाददाता, आगरा। ताजमहल को दुनिया में मोहब्बत की निशानी के रूप में जाना जाता है। इटली से आए प्रेमी जोड़े ने ताजमहल के साये में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर एक-दूसरे को जीवन साथी चुना। परंपरागत भारतीय परिधानों में उन्होंने मंत्रोच्चारण के बीच सात फेरे लिए और खुशी-खुशी शादी की अन्य रस्में निभाईं।
इटली के लिगुरिया के मैटियो और कैटरीना इन दिनों भारत यात्रा पर आए हुए हैं। पहले भी दोनों कई बार भारत आ चुके हैं और हर बार ताजमहल देखने आते हैं। दोनों लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं। भारत यात्रा में दोनों ने यहां की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को करीब से जाना। हरिद्वार में गंगा स्नान, वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद सनातन संंस्कृति में उनकी रुचि बढ़ी।
दोनों ने कई बार शादी की योजना बनाई, लेकिन हर बार कोई न कोई व्यवधान आता रहा। इस बार उन्होंने भारत यात्रा में आगरा में हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह करने का निर्णय लिया। मंगलवार शाम पंडित प्रवीण दत्त शर्मा ने ताजगंज स्थित मंदिर में उनका विवाह संपन्न कराया।
मैटियो क्रीम कलर के कुर्ता-पाजामा और कैटरीना लाल जोड़े में नजर आईं। उन्होंने सिंदूर दान और मंगलसूत्र की भी रस्म की। विवाह के समय पंडित प्रवीण दत्त शर्मा ने उन्हें अंग्रेजी में मंत्रों का अर्थ समझाया। दोनों ने ताजमहल के शहर में शादी करने को बेहद खास अनुभव बताया।