आमंत्रण यात्रा से गिर्राज जी के 56 भोग को निमंत्रण, भक्तों में उत्साह
-गिर्राज जी सेवा मंडल ने मन:कामेश्वर मंदिर से निकाली आमंत्रण यात्रा -गोवर्धन में 26 व 27 दिसंबर को होगा दशम दिव्य 56 भोग महोत्सव
आगरा, जागरण संवाददाता। गिर्राज जी महाराज के जयकारे और श्रीहरि के दर्शन को मची होड़। ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते भक्त। पीतांबर ध्वजों के साथ अगुवाई करते ऊंट और फूलों की वर्षा करती तोप। शंखनाद के बीच जब गिर्राज जी महाराज की आरती हुई तो हर भक्त आरती गाता हुआ तालियां बजाता रहा।
गिर्राज जी सेवा मंडल द्वारा मन:कामेश्वर मंदिर से मंगलवार दोपहर निकाली गई आमंत्रण यात्रा में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। गोवर्धन में 26 व 27 दिसंबर को होने वाले दशम दिव्य छप्पन महोत्सव के लिए निमंत्रण दिया गया। इसमें सबसे आगे चल रही फूलों व फलों से बनी गणेश जी की सवारी आकर्षण का केंद्र रही। इसके पीछे श्रीराम-सीताजी की सवारी और सबसे पीछे गिर्राज जी की सवारी थी। आमंत्रण यात्रा का शुभारंभ बल्केश्वर महादेव मंदिर के महंत कपिल नागर और मन:कामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी ने गिर्राज जी की आरती उतारकर किया। भाजपा के ब्रज क्षेत्र संगठन मंत्री भवानी सिंह ने यात्रा को हरी झंडी दिखाई। गिर्राज जी सेवा मंडल के संस्थापक नितेश अग्रवाल ने भगवान को पुष्प अर्पित कर सभी भक्तों को 56 भोग महोत्सव के लिए निमंत्रण दिया। मार्ग में जगह-जगह गिर्राज जी महाराज के डोले का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। भक्तों को मक्खन-मिश्री का प्रसाद बांटा गया।
इस दौरान भाजपा के महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे, मयंक अग्रवाल, विष्णु बाबू अग्रवाल, नितेश शिवहरे, श्याम सुंदर माहेश्वरी, अजय सिंघल, विजय अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, पवन अग्रवाल, अंकुर, मनोज गर्ग, अजय गोयल, पुनीत अग्रवाल, मनोज गुप्ता, छोटेलाल, बल्लू, नरेंद्र गर्ग, विकास जैन, अनिल अग्रवाल, आशी, शिवानी, सीमा, प्राची, विनीता, कविता, उर्मिला मौजूद रहीं।