यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
International Youth Day: मिलिए आगरा के इन युवाओं से, जिन्होंने बनायी ताजमहल के अलावा भी शहर की पहचान
International Youth Day खेलों की दुनिया के साथ अभिनय जगत में कमा रहे हैं नाम। वर्ष 2000 में मना था ...और पढ़ें

आगरा, जागरण संवाददाता। दुनिया में कभी आगरा को ताजमहल के लिए जाना जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब ताजमहल के साथ, यहां के युवा भी शहर की पहचान बन रहे हैं। वह किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं। खेल के साथ ही अभिनय व अन्य क्षेत्रों में भी उन्होंने पहचान बनाई है। शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस है। पहली बार 12 अगस्त, 2000 को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस यूनेस्को द्वारा मनाया गया था। इसका उद्देश्य युवाओं के आसपास के सांस्कृतिक व कानूनी मुद्दों पर उनका ध्यान आकर्षित करना है।
खेलों के यह हैं सितारे
खेलों की दुनिया में आगरा में सितारों की कमी नहीं है। यहां क्रिकेटर दीपक चाहर, राहुल चाहर, दीप्ति शर्मा, पूनम यादव भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट लंबे समय से खेल रहे हैं। दीपक को पिछले आइपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स ने 14 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा था। हालांकि चोटिल होने की वजह से वह आइपीएल में खेल नहीं सके थे। दीप्ति शर्मा कामनवेल्थ गेम्स खेलने वाली शहर की पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं। वह द हंड्रेड लीग में लगातार दूसरे वर्ष खेल रही हैं। ध्रुव जुरैल को राजस्थान रायल्स ने आइपीएल की नीलामी में खरीदा था। राशि कनौजिया भारतीय टीम के नेशनल कैंप में जगह बना चुकी हैं। जबकि हाल ही में रमा कुशवाह का चयन भारत की अंडर 19 महिला क्रिकेट टीम के संभावित 25 खिलाड़ियों में हुआ है। रिदम गर्ग ने आइरन मैन का खिताब जीता था। प्रोफेशनल मुक्केबाजी में ब्रजेश मीणा बड़ा नाम हैं। रफ्तार की दुनिया में कार रेसिंग में शाहान अली मोहसिन ने देशभर में अपनी पहचान बनाई है।
अभिनय में कमा रहे हैं नाम
अभिनय के क्षेत्र में शहर की प्रतिभाएं नाम कमा रही हैं। स्पर्श श्रीवास्तव की वेब सीरीज जामतारा काफी सराही गई थी। अभिनेता पर्ल वी. पुरी भी अपने अभिनय के दम पर शहर का मान बढ़ा रहे हैं। बाल कलाकारों में गौरांश टीवी के साथ फिल्मों में अभिनय कर नाम कमा रहे हैं।
