इंस्टाग्राम पर साधी दोस्ती, होने लगी बातें तो ब्लैकमेलिंग का बिछ गया जाल; आगरा में मुकदमा दर्ज
दिल्ली की एक युवती ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर आगरा के युवक से लाखों रुपये के नकदी-जेवरात ठग लिए। युवक ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। इंस्टाग्राम पर दिल्ली की युवती ने मित्रता के बाद रिश्ते की बात करके निकटता बढ़ा ली। युवक को दिल्ली बुलाकर अपने परिवार से मिलाया। इसके बाद कभी उपहार तो कभी परिवार की आर्थिक स्थिति का हावाला देकर लाखों के नकदी-जेवरात ले लिए। युवक को पता चला कि युवती ने फर्जी नाम से आईडी बनाई थी, उसने उपहार में दिए जेवरात और रकम लौटाने को कहा।
आरोप है कि युवती और उसके स्वजन ने धमकी देने लगे, घर पर आकर मारपीट कर दी। युवक ने युवती और उसके स्वजन के विरुद्ध न्यू आगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। न्यू आगरा के दयालबाग निवासी नकुल गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2024 में इंस्टाग्राम पर उसकी मित्रता दिल्ली के लाजपत नगर निवासी रेवा कालरा से हुई थी। रेवा उसे मुलाकात के लिए दिल्ली बुलाने लगी।
बातचीत के दौरान रेवा ने उनके परिवार और आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी हासिल कर लिया। वह जब भी दिल्ली जाता, रेवा उससे हजारों रुपये खर्च कराती थी। अपने परिवार की आर्थिक स्थिति खराब बताकर 60 हजार रुपये स्वजन को दिलाए। इसके अलावा उनसे भी महंगे उपहार लेने लगी।
दोनों के परिवार आपस में बातचीत करने लगे। रेवा ने अपने साथ रिश्ते की बात शुरू कर दी। इस दौरान रेवा के साथियों ने भी उनसे चांदी के उपहार लिए। वह 23 जून 2024 और आठ जनवरी 2025 को उनसे आगरा मिलने आयी। उन्होंने रेवा को सोने की चेन और रकम दी थी। आरोप है कि रेवा ने फर्जी नाम से इंस्टाग्राम और जीमेल पर आईडी बना रखी हैं।
नकुल को पता चला कि वह कई और लोगों से इसी तरह धोखाधड़ी कर चुकी है। उन्होंने रेवा से दिए गए जेवरात और रकम वापस मांगी तो वह झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगी। जिससे वह तनाव में आ गए, उनका उपचार चला।
आरोप है कि चार सितंबर को रेवा और उसके स्वजन घर में घुस आए। मारपीट और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। थाना प्रभारी निशामक त्यागी ने बताया कि नकुल गुप्ता की तहरीर पर युवती उसके स्वजन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।