सामाजिक सरोकारों का पथ लेकर इनरव्हील ग्रांड ने की नई शुरूआत
इनरव्हील क्लब ऑफ ग्रांड ने मनाया दूसरा अधिष्ठापन दिवस। सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य करने का लिया संकल्प।
आगरा(जागरण संवाददाता): ग्रांड अर्थात विशाल। सिर्फ नाम से ही नहीं उद्देश्य भी विशाल लेकर चला है इनरव्हील क्लब ऑफ ग्रांड। नन्हें कदमों से चलकर महज तीसरे वर्ष में प्रवेश कर नई डगर पर चलना सीख रहा है लेकिन उद्देश्य अपना थामे चल रहा है। इनरव्हील क्लब ऑफ ग्रांड के दूसरे अधिष्ठापन दिवस समारोह में यह विचार रखे क्लब की डिस्ट्रिक्ट एडिटर नीलू धाकरे ने।
शनिवार को आगरा क्लब में अधिष्ठापन समारोह आयोजित किया गया। नीलू धाकरे ने क्लब की सदस्यों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि तीसरे वर्ष में प्रवेश यानि और अधिक जिम्मेदारी। इस वर्ष क्लब शिक्षा, सफाई, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को अपना ध्येय बनाकर चले। सामाजिक संगठन तभी सफल होते हैं जब सामाजिक दशा को नई दिशा दें। महिलाएं चाहें तो समाज में बड़ा बदलाव ला सकती हैं। नारी सशक्तिकरण को भी अपने ध्येय में शामिल करें। बेरोजगार महिलाओं को रोजगारपरक सुविधाएं उपलब्ध कराएं ताकि परिवार चलाने में महिलाएं भी अपना योगदान दे सकें।
क्लब की डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन सोनल बंसल ने अध्यक्ष डॉ. मृणाल शर्मा और अर्णिमा भार्गव का मार्गदर्शन किया। पदभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष ने आगामी वर्ष के कार्यो की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा प्रतिमाह सेवा कार्य किये जाएंगे, ताकि सेवा का उद्देश्य सार्थक हो सके। उन्होंने गरीबी के कारण शिक्षा से दूर रहने वाले बच्चों के लिए कार्य करने की चर्चा की।
समारोह का समापन केक कटिंग सेरेमनी एंव विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ हुआ। कार्यक्रम संयोजक डॉ. तबस्सुम सुमानी थीं। संचालन शिल्पा माहेश्वरी ने किया। इस अवसर पर मनीषा चौहान, सोनल कुलश्रेष्ठ, अनीता, मधु बघेल, निधि, कुमुद, शिल्पा, रेखा, सरोज, मंजू, प्रवीना आदि उपस्थित रहीं।