यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसे में इंदौर के चिकित्सक की मौत, पत्नी और बेटा घायल
बरेली के मूल निवासी थे चिकित्सक। इंदौर से बरेली जाते समय हुआ टायर फटने से हुआ हादसा। अनियंत्रित कार में पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर। पुलिस डॉक्टर उनकी पत्नी और बेटे को लेकर अस्पताल पहुंची तब तक डॉक्टर तोड़ चुके थे दम।
आगरा, जागरण टीम। यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार को कार का टायर फटने से एक चिकित्सक की मौत हो गई। उनकी पत्नी और बेटे घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। मृतक इंदौर में चिकित्सक थे, जबकि मूल रूप से बरेली के रहने वाले थे।
बरेली रेलवे जंक्शन स्टेशन के निकट गुप्ता मिष्ठान भंडार निवासी डा. निशांत गुप्ता (38) अपनी पोलो कार से पत्नी प्रिया और छह वर्षीय पुत्र कृष के साथ इंदौर से लौट रहे थे। यमुना एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 112 के निकट उनकी कार का टायर फट गया। टायर फटने के साथ ही कार एक्सप्रेस वे पर घूम गई। पीछे से आए अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में चिकित्सक, उनकी पत्नी और बेटा घायल हो गए।
पुलिस ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सक ने निशांत गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। राया कट पुलिस चौकी प्रभारी भोजराज अवस्थी ने बताया, मौके से एक मोबाइल नंबर मिला था। इससे कॉल किया तो बदायूं के टिकरीगंज निवासी प्रतीश कुमार ने रिसीव किया। उन्होंने यहां आकर शाम को शव की शिनाख्त की। प्रतीश कुमार घायल प्रिया के मामा के पुत्र हैं। उन्होंने बताया, निशांत गुप्ता चिकित्सक थे और इंदौर में प्रैक्टिस करते थे। वह इंदौर का पता नहीं बता पाए।