विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शानदार शादी फिर दुबई में हनीमून, 'ISI जासूस' आदर्श कुमार ने खूब उठाई गद्दारी कर मिले रुपयों से मौज; अब पहुंचा जेल

Published: Wed, 11 Mar 2026 08:07 AM (IST)

शादी के 19 दिन बाद जासूसी के पैसों से दुबई में हनीमून मनाया। एटीएस लंबे समय से उस पर नजर रख रही थी और पुख्ता सबूत मिलने पर कार्रवाई की।

आदर्श कुमार।

आदर्श कुमार।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, आगरा। जिस नौकरी में देश सेवा का भाव लेकर युवा जाते हैं और देश की रक्षा के लिए सर्वस्व न्योझावर करने में भी पीछे नहीं हटते, उसमें कागारौल के चीतपुर में रहने वाला आदर्श कुमार गद्दार बन गया। देश की रक्षा का संकल्प लेने के बाद वह दुश्मन देश की खुफिया एजेंसी को गोपनीय सूचनाएं लीक कर रहा था।

अभी 19 दिन पहले उसकी शादी हुई थी। गद्दारी की रकम से वह दुबई में हनीमून पर गया था। लौटने के बाद ही एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड (एटीएस) मुख्यालय की टीम ने उसे पकड़ लिया और अपने साथ लखनऊ ले गई। अब उसके बारे में गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

19 दिन पहले हुई थी शादी, हनीमून से लौटकर रुका था अपने गांव में

चीतपुर गांव का रहने वाले 24 वर्षीय आदर्श कुमार की 17 फरवरी को सगाई हुई थी। इससे एक सप्ताह पहले वह छुट्टी पर आया था। 19 फरवरी को कागरौल के किदवई मोड़ स्थित मैरिज होम से उसकी शादी हुई थी। इसके बाद वह हनीमून पर दुबई गया था। वहां से लौटकर वह घर ही रह रहा था। सोमवार को एटीएस मुख्यालय की टीम ने उसे पकड़ लिया।

सात वर्ष पहले लगी थी नौसेना में नौकरी, लंबे समय से था एटीएस के रडार पर

एटीएस उसके पीछे लंबे समय से लगी थी। उस पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने का आरोप है। उसने आईएसआई एजेंट को युद्धक पोतों के फोटो भेजे थे। इसके एवज में उसने अपने खाते में रकम भी ली। पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद ही एटीएस ने उसको पकड़ा है। एटीएस को जो साक्ष्य मिले हैं, वे धन के लालच में जासूसी करने की ओर इशारा कर रहे हैं। उससे पूछताछ में एटीएस को अहम जानकारी मिली हैं।

पिता करते हैं शराब की दुकान पर काम

ग्रामीणों ने बताया कि आदर्श कुमार के पिता बलवीर शराब ठेके पर काम करते है। आदर्श अपने भाई- बहनों में सबसे छोटा है। उसकी करतूत सामने आने के बाद पूरे परिवार का सिर शर्म से झुक गया है।

यह भी पढ़ें- भारतीय नौसेना का लांस नायक निकला ISI का एजेंट, भारत के युद्धपोतों की तस्वीरें भेजीं; UP ATS ने दबोचा