भारतीय सेना में शानदार इंटर्नशिप का मौका! मिलेगा 75000 रुपये मासिक स्टाइपेंड, जानें योग्यता और लास्ट डेट
भारतीय सेना की वेस्टर्न कमांड इंजीनियरिंग छात्रों के लिए पंचकूला में तीन महीने की फुल स्टैक सॉफ्टवेयर डेवलपर इंटर्नशिप शुरू कर रही है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सेना की वेस्टर्न कमांड फुल स्टैक डेवलपर इंटर्नशिप।
पंचकूला में तीन महीने की इंटर्नशिप, 75 हजार स्टाइपेंड।
AICTE क्रेडिट और सरकारी प्रमाण-पत्र भी मिलेगा।
जागरण संवाददाता, आगरा। यदि आप इंजीनियरिंग के छात्र हैं तो आपके पास सेना के साथ काम करने का मौका है। सेना की वेस्टर्न कमांड तीन महीने की फुल स्टैक साफ्टवेयर डेवलपर इंटर्नशिप शुरू करने जा रही है। यह इंटर्नशिप एक नवंबर से पंचकूला हरियाणा में होगी।
आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर है। चयनित अभ्यर्थी को 75 हजार रुपये तक मासिक स्टाइपेंड मिलेगा। इसके साथ ही 15 आल इंडिया काउंसिल फार टेक्निकल एजुकेशन (एआइसीटीई) क्रेडिट और सरकारी प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। इसमें सेना के साफ्टवेयर सिस्टम से जुड़े काम दिए जाएंगे।
अंतिम वर्ष के अभ्यर्थी भी कर सकते हैं आवेदन
बीटेक, बीई या इसके बराबर डिग्री के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई), कंप्यूटर साइंस एंड इंफार्मेशन टेक्नोलाजी, इंफार्मेशन टेक्नोलाजी और इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के अभ्यर्थी इंटर्नशिप के लिए पात्र होंगे।
आगरा कॉलेज फैकल्टी आफ इंजीनयिरंग के संयोजक प्रो. यादवेंद्र शर्मा ने बताया कि ये बहुत अच्छा अवसर है। हालांकि इसमें आवेदक भी बड़ी संख्या होंगे। संस्थान में भी छात्रों को जागरूक किया गया है। कंप्यूटर साइंस के प्रो. अनुज पाराशर ने बताया कि इसमें कंप्टीशन भी अधिक होगा और रोजगार संग अनुभव भी मिलेगा।
इन तकनीकों की जानकारी जरूरी
आवेदकों को फुल स्टैक साफ्टवेयर डेवलपमेंट की जानकारी होनी चाहिए। फ्रंटएंड के लिए रीएक्ट, जावा स्क्रिप्ट, एचटीएमएल और सीएसएस और बैकएंड के लिए जावा और स्प्रिंग एमवीसी, डेटाबेस के लिए पोस्टग्री एसक्यूएल और एसक्यूएल, सिस्टम के लिए रेस्ट एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (एपीआइ) और माइक्रोसर्विस तथा टेस्टिंग के लिए यूनिट और एपीआइ इंटीग्रेशन टेस्टिंग की जानकारी होनी चाहिए।
इंटरव्यू अथवा कोडिंग टेस्ट से चयन
आवेदकों की पहले एआइसीटीई नेशनल इंटर्नशिप पोर्टल पर स्क्रीनिंग होगी। इसके बाद चयनित का टेक्निकल इंटरव्यू अथवा कोडिंग टेस्ट लिया जा सकता है। उम्मीदवारों को पुलिस वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट, डिग्री वेरिफिकेशन, सरकारी पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो जमा करनी होगी।
