Move to Jagran APP

Agniveer Bharti 2022: आगरा में पहले दिन कासगंज और ललितपुर के युवाओं की भर्ती, पुलिस के संग सेना की इंटेलीजेंस सक्रिय

Agniveer Bharti 2022 Agniveer Bharti 2022 अग्निवीर भर्ती रैली के लिए 12 जिलों के 1.70 लाख से अधिक युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। सोमवार रात 12 बजे से युवाओं को एंट्री की व्यवस्था की गई। हाईवे किनारे आसपास के ग्रामीणों ने युवाओं के ठहरने को पंडाल बनाए हैं।

By Abhishek SaxenaEdited By: Published: Mon, 19 Sep 2022 08:56 PM (IST)Updated: Mon, 19 Sep 2022 08:56 PM (IST)
Agniveer Bharti 2022: आगरा में पहले दिन कासगंज और ललितपुर के युवाओं की भर्ती, पुलिस के संग सेना की इंटेलीजेंस सक्रिय
Agniveer Bharti 2022: आगरा में अग्निवीरों की भर्ती रैली मंगलवार से हो रही है।

आगरा, जागरण संवाददाता। अग्निवीर बनने को युवा पसीना बहा रहे थे। मंगलवार को भर्ती प्रक्रिया का पहला दिन है। इसके लिए सोमवार शाम से ही आनंद इंजीनियरिंग कालेज के बाहर युवा पहुंच गए।रात 12 बजे से युवाओं को भर्ती स्थल पर एंट्री मिलेगी।

loksabha election banner

भर्ती केंद्र के बाहर उनके ठहरने के लिए आसपास के गांवों के लोगों ने हाईवे किनारे कई स्थानों पर पंडाल बना दिए हैं। इनमें कुछ युवा आराम करते भी दिखे। पहले दिन कासगंज और ललितपुर जनपद के युवाओं की भर्ती होगी।

अग्निवीर भर्ती रैली के लिए 12 जिलों के युवा होंगे शामिल

सेना भर्ती कार्यालय आगरा के द्वारा 12 जनपदों के युवाओं के लिए अग्निपथ रैली का आयोजन किया जा रहा है।आगरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, झांसी, जालौन, इटावा और ललितपुर जनपद से इसके लिए 175218 युवा पंजीकरण करा चुके हैं। कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कालेज में कई दिन से सेना के अधिकारी तैयारियों में जुटे थे।

पहले दिन ललिलपुर और कासगंज के युवाओं की भर्ती

मंगलवार को इसमें ललितपुर और कासगंज के युवाओं की भर्ती होनी है। सोमवार शाम से ही भर्ती पक्रिया में भाग लेने वाले युवाओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। भर्ती स्थल के आसपास भी सेना के जवान तैनात हैं। शाम तक किसी को भर्ती स्थल के पास तक नहीं जाने दिया गया।

आसपास के गांवों के लोगों ने युवाओं की मदद के लिए हाईवे किनारे पंडाल लगाए हैं। शाम को कुछ युवाओं ने इनमें आराम किया। सोमवार रात 12 बजे दोनों जनपदों के युवाओं को भर्ती स्थल में प्रवेश दिया जाएगा।व्यवस्था बनाने के लिए सेना के जवान मुस्तैदी से भर्ती स्थल के गेट पर खड़े हैं।

न हों गुमराह, पुलिस को दें सूचना

एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह का कहना है कि भर्ती रैली के दौरान कुछ दलाल और ठग सक्रिय हो जाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी के झांसे में न आएं। किसी भी व्यक्ति को भर्ती होने के एवज में धन न दें। नकली या छेड़छाड़ किए गए प्रवेश पत्र लाने और फर्जी दस्तावजे दाखिल करने वालों की उम्मीदवारी रद घोषित की जाएगी।

ऐसे अभ्यर्थी आगे होने वाले भर्तियों में भी भाग नहीं ले पाएंगे। उन्होंने युवाओं से कहा है कि इस तरह के व्यक्तियों की सूचना पुलिस को दें। उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

ये अभिलेख लेकर आएं

भर्ती मैदान में अपने प्रवेश पत्र के साथ कक्षा 10 व 12वीं के प्रमाण पत्र, निवास, जाति, चरित्र, अविवाहित, एनसीसी, रिलेशन व खेल-कूद प्रमाण पत्र लेकर आएं। सिंगल बैंक खाता, आधार कार्ड, पैन कार्ड व एफिडेविट और उनकी तीन फोटो कापी के साथ ही पासपोर्ट साइज के 20 फोटो साथ लाने होंगे।

सेना की इंटेलीजेंस से लेकर पुलिस की टीम भी सक्रिय

सेना भर्ती में सेना की इंटेलीजेंस विंग के साथ ही पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस की सर्विलांस, क्राइम ब्रांच टीम के साथ थाना पुलिस को भी यहां निगरानी को लगाया गया है। ये भर्ती स्थल के आसपास दलालों और ठगों पर नजर रखेंगी।

ये भी पढ़ें... एटा के मंच पर सामने आई चाचा-भतीजे के बीच की लड़ाई, शिवपाल सिंह बोले- नेताजी के अपमान का दंश भोग रहे अखिलेश

हाईवे की एक लेन की गई बंद

अग्निवीर भर्ती के चलते आगरा- दिल्ली हाईवे की मथुरा से आगरा आने वाली लेन बंद की गई है। करीब तीन किलोमीटर की दूरी दोनों ओर के वाहनों को एक लेन पर ही पार करनी होगी। इसके लिए हाईवे का डिवाइडर भी तोड़ा गया है। आनंद इंजीनियरिंग कालेज के दोनों ओर हाईवे पर बड़े पत्थर रखने के बाद बैरियर लगा दिए गए हैं। यहां सेना के जवान खड़े हैं। पुलिस भी यातायात व्यवस्था संभाल रही है।

पूर्व में पकड़ा गया था फर्जी दस्तावेज बनाने वाला गैंग

आनंद इंजीनियरिंग कालेज में वर्ष 2021 में सेना की भर्ती रैली हुई थी। इसमें फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गैंग का पर्दाफाश हुआ था। दुकानों में प्रिंटर और लैपटाप रखकर फर्जी दस्तावेज बनाए जा रहे थे। इसमें दस अभ्यर्थी और पांच फर्जी दस्तावेज बनाने वाले लोगों को पुलिस ने जेल भेजा था।

ये भी पढ़ें... Tajmahal से जुड़ा दिलचस्प किस्सा, मुमताज के साथ शाहजहां की तीन बेगम भी हैं दफन, पढ़ें कहां हैं कब्रें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.