नारी शक्ति कुंभ: कान्हा की नगरी में राजनीति की दिग्गज कल करेंगी मंथन सशक्तिकरण पर
वृंदावन स्थित अक्षय पात्र में 8 व 9 को होगा नारी शक्ति कुंभ। सीएम, राज्यपाल, विदेश मंत्री, रक्षामंत्री रहेंगी मौजूद।
आगरा, जेएनएन। वृंदावन में 8 व 9 दिसंबर को होने वाले नारी शक्ति कुंभ का उद्घाटन उत्तराखंड की राज्यपाल बेबीरानी मौर्य करेंगी। समारोह को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज व गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा संबोधित करेंगी। इसमें 11 महिलाओं को रोल मॉडल के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
कुंभ के संयोजक एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के कुलपति डॉ. अरङ्क्षवद कुमार दीक्षित ने बताया कि अब तक 4600 महिलाओं ने पंजीकरण कराए हैं। कुंभ के पहले दिन शाम 6 बजे आदिकाल से लेकर अब तक देश की श्रेष्ठ नारियों के चित्रों की प्रदर्शनी का उद्घाटन साध्वी ऋतंभरा व महिला व बाल कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी करेंगी। शाम 7 से 8.30 बजे तक सांस्कृतिक आयोजन होंगे। 9 दिसंबर को सुबह 10 से 11.45 बजे तक उद्घाटन सत्र होगा। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज व सांसद हेमामालिनी मौजूद रहेंगी। समापन सत्र शाम 3.30 से 5.30 बजे तक होगा। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल मृदुला सिन्हा, रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण मौजूद रहेंगी।
आरएसएस संभालेगा व्यवस्था
नारी शक्ति कुंभ में आने वाली महिलाओं के ठहरने से लेकर मंदिरों के दर्शन और आवागमन की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी आरएसएस के स्वयंसेवकों को सौंपी गई है, जो आयोजन स्थल से होटल-गेस्ट हाउसों तक जिम्मेदारी निभाएंगे।
नारी शक्ति कुंभ में दिखेगी नारी शक्ति की झलक
प्रदेश सरकार के आयोजित नारी शक्ति कुंभ में नारी शक्ति पर आधारित प्रदर्शनी के जरिए देशभर से आ रही महिलाओं को सशक्त बनाने की योजना है। कुंभ परिसर में लगाई जाने वाली प्रदर्शनी में आदि काल से अब तक अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली नारियों के चित्रों का प्रदर्शन होगा और उनकी कहानियां भी अंकित की जाएंगी।