यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 11, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जागरण आपके द्वारः आगरा में शौचालय पर ताला, खुले में शौच को मजबूर जनता
जागरण आपके द्वारः वार्ड 66 में समस्याओं का अंबार नहीं होती सफाई लगे हैं कूड़े के ढेर। जनता को नहीं ...और पढ़ें

आगरा, जागरण संवाददाता। वार्ड 66 में जनता को आज भी खुले में शौच करने के लिए मजबूर हैं। क्षेत्र में महीनों से नालों की सफाई नहीं हुई है। साथ ही लीकेज भी कई जगह है। गंदगी के ढेर हैं। जागरण आपके द्वार में क्षेत्रीय जनता ने इन समस्याओं को उठाया।
वार्ड की कुल आबादी लगभग 50 हजार है। क्षेत्र में करीब 20 हजार वोटर हैं। इस वार्ड में हनुमान नगर,नवल गंज, स्टेशन रोड ,घाट बजरिया व कटरा वजीर खां सहित कई क्षेत्र आते हैं। क्षेत्र में नालों की स्थिति अत्यधिक खराब है।जिसके चलते क्षेत्र की जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश गलियों में सफाई कर्मी नहीं आते, गंदगी के ढेर लगे हुए हैं।क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की गाड़ी भी उनके वार्ड में नहीं आती।
छह महीने से नहीं खुला सार्वजनिक शौचालय
सरकार की तरफ से करीब दो साल पूर्व एक सुलभ शौचालय का निर्माण शुरू हुआ था, जो छह महीने पहले ही पूरा हुआ है।बनने के बाद भी शौचालय बंद पड़ा है। शौचालय को चालू कराने के लिए जनता ने कई बार उच्च अधिकारियों से भी संपर्क किया।लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।वर्तमान में भी लोग खुले में शौच के लिए मजबूर हैं।
मीठे पानी को तरस रही जनता
हनुमान नगर बस अड्डे के पास रहने वाले लोग मीठे पानी का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।क्षेत्र में करीब 20 साल पूर्व पानी की लाइन तो डाल दी गई लेकिन कनेक्शन को आज तक नहीं जोड़ा गया। जिसके चलते क्षेत्रीय जनता को यमुना का पानी नसीब नहीं हो पा रहा है।क्षेत्र में लगे अधिकांश हैंडपंप भी खराब पड़े हैं।
स्ट्रीट लाइट भी खराब
केशव देवी ने बताया कि एत्माउद्दौला स्मारक से लेकर रामबाग तक और एत्माउद्दौला तिराहे से लेकर शाहदरा मार्ग तक लगी हुई सभी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से टूटी व खराब पड़ी हुई हैं। जिनको ठीक कराने के लिए कई बार शिकायत की गई।स्ट्रीट लाइट खराब होने से रात के समय कई हादसे भी हो चुके हैं।
क्षेत्रीय जनता को खुशी थी कि सुलभ शौचालय बनने के बाद खुले में शौच को नहीं जाना पड़ेगा, पर स्थिति अभी भी जस की तस है।
- राजकुमारी
कई बार स्थिति काफी शर्मनाक हो जाती है।सर्दियों में खुले में शौच जाना, सबसे बड़ी परेशानी होती है।घर की बहू बेटियों को रात में घर के बाहर शौच करने के लिए भेजना होता, तो किसी न किसी को साथ भेजना पड़ता है।
- प्रेम सिंह
स्टेशन रोड के किनारे कूड़े का ढेर है। लोग यहां कूड़ा डालते हैं, फिर आग लगा देते हैं।कई बार शिकायत की, लेकिन किसी ने भी इस समस्या से निजात नहीं दिलाई।
-मोहम्मद नाजिम
क्षेत्र में पानी, सफाई, स्ट्रीट लाइट का खराब होना आदि कई समस्याएं ऐसी हैं जिन को कई बार सदन में उठाया गया। कई प्रार्थना पत्र दिए गए लेकिन कोई भी सुनवाई विभाग के द्वारा नहीं की गई।
लाला अब्बास,पार्षद,वार्ड 66
