विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

एक कार शराब वाली, पुलिस ने जब खोली हेडलाइट, बोनट और दरवाजे तो हैरान रह गए सभी, बिहार जाने से पहले पकड़ी तस्करी

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Saxena
Published: Thu, 01 Jun 2023 07:18 AM (IST)

Agra Crime News तस्करी के तरीके से हैरान रह गए पुलिसवाले। बरहन पुलिस ने पकड़ी कार तस्कर ने छिपा रखी ...और पढ़ें

Agra Crime News: एक कार शराब वाली, पुलिस ने जब खोली हेडलाइट, बोनट और दरवाजे तो हैरान रह गए सभी
Agra Crime News: एक कार शराब वाली, पुलिस ने जब खोली हेडलाइट, बोनट और दरवाजे तो हैरान रह गए सभी

आगरा, जागरण संवाददाता। हेडलाइट, बोनट और दरवाजों से लेकर कार का शायद ही कोई कोना बचा हो, जहां शराब की बोतल न छिपाकर रखी गई हो। पुलिस जहां पर हाथ लगाती, शराब की बोतल निकल आती। ईंधन की टंकी को छोड़कर पूरी कार में बोतल रखी थीं। पुलिस ने एक-एक करके कार से 1148 पौव्वा शराब बरामद की। तस्करी के तरीके से पुलिस खुद हैरान थी।

बिहार जा रही थी शराब

बरहन पुलिस ने मंगलवार की रात को गांव नया बांस मोड़ पर चेकिंग के दौरान एक कार पकड़ा। चालक ने अपना नाम आस मोहम्मद। वह फतेहाबाद का रहने वाला है। बताया कि शराब तस्करी करता है। शराब लेकर बिहार जा रहा था। पुलिस ने कार की आगे और पीछे की सीटों को उठाया तो उसके नीचे शराब की बोतल थीं। अधिकांश शराब तस्कर इन्हीं जगहों पर विशेष केबिन बनाकर शराब की बोतलें छिपाते हैं।

कार के गेट जरूरत से ज्यादा थे भारी

कार के चारों गेट जरूरत से ज्यादा भारी लगे तो हाथ मारा। गेट के अंदर केबिन बनाकर बोतलें रखी थीं। वह एक-एक कर नीचे गिरने लगीं। इसके बाद बोनट खोला तो उसमें भी जगह-जगह बोतलें रखी हुई थीं। इस बीच पुलिस की नजर कार की हेडलाइट पर गई। वह सही से नहीं लगी थी। खोला तो उसके अंदर भी बोतल थीं। इससे पुलिस भी चौंक गई। उसने कार से शराब बरामदगी का पूरा वीडियो बनाया।

राजस्थान मार्का की है शराब, करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य

थानाध्यक्ष बरहन राजीव कुमार ने बताया कि आस मोहम्मद ने 18 जनवरी को क्षेत्र में एक दुकान से शराब की बोतलें चोरी की थीं। पुलिस को उसकी तलाश थी। तस्कर ने बताया कि हरियाणा के रहने वाले कपिल की मदद से कार में शराब छिपाकर यहां लाया था। कपिल मौके से भाग निकला। वह शराब बिहार लेकर जा रहा था। बरामद शराब राजस्थान मार्का है। जिसका मूल्य डेढ़ लाख रुपये है। आरोपित ने कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी।