माह-ए-रमजान में मोबाइल से स्मार्ट बनी ‘इबादत’, जानिए कैसे
गूगल प्ले स्टोर से इबादत एप डाउनलोड कर प्रयोग कर रहे युवा। तजरुमा के साथ कुरआन की आयतें भी उपलब्ध।
आगरा, सुबान खान। माह-ए-रमजान में हर बंदा अल्लाह की हम्दो सना कर रहा है। बदलते दौर में युवा स्मार्ट फोन से इबादत का सफर कर रहे हैं। ऐप पर इबादत करने की तमाम जानकारी उपलब्ध हैं। गूगल प्लेस स्टोर इबादत के साथ ही पकवान बनाने की जानकारी वाले तमाम निश्शुल्क एप्लीकेशन उपलब्ध करा रहा है।
मुस्लिम समाज के लोगों का भी तेजी से स्मार्ट फोन के प्रति रुझान बढ़ रहा है। देशभर में करोड़ों लोग स्मार्ट फोन और नेट प्रयोग कर रहे हैं। इनमें ऐसे लोगों की तादात भी खासी है जो पर्व, त्योहार, उत्सवों की जानकारी गूगल प्ले स्टोर से एप्लीकेशन डाउनलोड कर प्राप्त करते हैं। इनमें रोजेदार भी बड़ी तादात मे शामिल हैं। युवा रोजेदार मक्का से भी ऐप के माध्यम से लाइव तरावीह सुन कर रहे हैं। रमजान कैलेंडर, सहरी व इफ्तार की दुआ, तजरुमा के साथ कुरआन की आयतें आदि शामिल हैं। इन एप्लीकेशंस को अपने स्मार्ट मोबाइल फोन में आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है।
शहीद नगर निवासी साबिर के अनुसार रमजान के संबंध में गूगल प्ले स्टोर पर जो एप्लीकेशन हैं, वे खासकर युवाओं के लिए लाभदायक हैं। पुराने लोग तो इबादत की प्रक्रिया से वाकिफ हैं। मौलाना रियासत अली कहते हैं कि नेट पर उपलब्ध जानकारी को एक बार प्रयोग करने से पहले सत्यापित करा लेना चाहिए। क्योंकि इस मुकद्दस महीने में इबादत कर अल्लाह को राजी किया जाता है।
ये हैं खास एप्लीकेशंस
रमजान कैलेंडर, रमजान दुआएं, सहरी व इफ्तार टाइम टेबल, सहरी व इफ्तार दुआ, मुस्लिम प्रो रमजान 2017 समेत अनेक एप्लीकेशंस मौजूद हैं। रमजान की इन एप्लीकेशंस में अजान व नमाज का समय आदि भी शामिल है। इसके अलावा कुरआन पाक की आयतें, इस्लामिक कैलेंडर, हिजरी डेट कन्वर्टर, अजान अलार्म, सूर यासीन, आयतल कुर्सी के साथ ही रमजान की फजीलत पर उलेमा के बयान की एप्लीकेशन भी मौजूद हैं। इसके अलावा रमजान लाइव वाल पेपर और रमजान रिंगटोन तक की एप्लीकेशन दी गई हैं।
पकवान बनाने की विधि
रोजेदारों को अच्छे पकवान खिलाने के मकसद से गूगल प्ले स्टोर पर विभिन्न व्यंजनों के नाम से ऐप उपलब्ध हैं। इमसें सहरी और इफ्तार रेसीपीज, रेसीपीज फॉर रमजान, इन अरेबिक, स्पेशल रमजान डिश और इफ्तारी मेकर आदि शामिल हैं। इन ऐप्स को प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है।
ऐसे करें प्रयोग
रमजान से जुड़े हुए ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करें। इसके बाद आपनी ई-मेल आइडी से लॉग इन करें। अपने स्थान को दर्ज करें। इसके बाद ऐप अजान, रोजा इफ्तार, सहरी सब का वक्त बताना शुरू कर देगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप