IAS Transfer: आगरा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कौन हैं IAS शैलेंद्र कुमार सिंह जो बने नए मंडलायुक्त
उत्तर प्रदेश शासन ने गुरुवार देर रात कई आईएएस अधिकारियों का तबादला किया। मथुरा के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह को आगरा मंडल का कमिश्नर बनाया गया है। दूसरी ओर अब तक बुलंदशहर के डीएम रहे चंद्र प्रकाश सिंह को मथुरा भेजा गया है। शनिवार को दोनों अधिकारी अपने अपने पदभार ग्रहण कर सकते हैं। आगरा में आईएएस रितु माहेश्वरी ने पर्यटन के लिए काफी कार्य किए।

जागरण संवाददाता, आगरा। शासन के आदेश पर मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी का तबादला हो गया। डेढ़ साल तक वह मंडलायुक्त रहीं। इस साल ताज महोत्सव के आयोजन की भव्य तरीके से तैयारी चल रही है। मंडल भर में दिव्यांग बच्चों के नामांकन पर पहली बार विशेष ध्यान दिया गया। पहली बार क्वीन मैरी लाइब्रेरी का कायाकल्प कराया जा रहा है।
फतेहाबाद रोड स्थित होटल रमाडा के आसपास सुंदरीकरण कराया गया। जगह-जगह कबाड़ से जुगाड़ के तहत आकर्षक तरीके से चौराहों को सजाया जा रहा है। मंडलायुक्त के निर्देश पर ही आगरा किला और फतेहपुर सीकरी में लाइट एंड शो पर भी फोकस किया गया। सिटी बसों के स्टॉपेज तय किए गए। वहीं गोशालाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
आगरा की कमिश्नर रितु माहेश्वरी का हुआ है तबादला।
कई जिलों में डीएम रह चुके हैं शैलेंद्र कुमार
आइएएस अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह मूलरूप से आजमगढ़ के हैं। वह 2009 बैच के आइएएस अफसर हैं। मथुरा से पूर्व लखीमपुरखीरी, मुरादाबाद में डीएम रह चुके हैं। नवागत मंडलायुक्त शनिवार को कार्यभार संभाल सकते हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी की योजनाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने पर ध्यान दिया जाएगा। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी फोकस रहेगा।
आगरा के नए कमिश्नर बनाए गए हैं शैलेंद्र कुमार सिंह।
मथुरा में 16 महीने रहा कार्यकाल
2009 बैच के आइएएस शैलेंद्र कुमार सिंह मथुरा के जिलाधिकारी पद पर 16 महीने तक रहे। उन्होंने पांच सितंबर 2023 को मथुरा डीएम के रूप में चार्ज लिया था।
2007 में मथुरा के सिटी मजिस्ट्रेट भी रह चुके थे शैलेंद्र सिंह
शैलेंद्र कुमार सिंह इससे पहले 2007 में मथुरा के सिटी मजिस्ट्रेट भी रह चुके थे। हाल ही में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करके भी आए थे। गुरुवार देर रात उनको आगरा मंडल का आयुक्त बनाया गया। सूत्रों के मुताबिक आगरा मंडलायुक्त बनाए जाने के बाद शुक्रवार सुबह उन्होंने मुख्यमंत्री से फोन पर बात कर बांकेबिहारी जी की और सेवा के लिए आभार जताया।
2026 में होंगे सेवानिवृत
शैलेंद्र सिंह जनवरी 2026 में सेवानिवृत हो जाएंगे। पूर्व में आगरा के एसडीएम सदर भी रह चुके हैं। दूसरी ओर 2017 में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रह चुके 2012 बैच के आइएएस अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की तैनाती की है।
ये भी पढ़ेंः Mahakumbh 2025: सात फीट लंबी कद-काठी वाले 'मस्कुलर बाबा...कुंभ मेले में छाए रूस के 'गिरि महाराज'
सीपी सिंह कासगंज और बुलंदशहर में रह चुके हैं डीएम
सीपी सिंह मथुरा से पूर्व कासगंज में तीन साल और बुलंदशहर में सवा तीन साल डीएम के पद पर रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि नव नियुक्त डीएम शनिवार को श्री बिहारीजी के दर्शन करने के पश्चात पदभार ग्रहण करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।