Mahakumbh 2025: 'राहुल और प्रियंका भी डुबकी लगाने आएंगे', रवि किशन के 'शिव तांडव स्तोत्र' से गंगा पंडाल में बही स्वर लहरी
Mahakumbh 2025 महाकुंभ 2025 में सांसद रवि किशन ने संगम में डुबकी लगाई। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में आने पर खुद को भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। योगी सरकार ने महाकुंभ को दिव्य और भव्य बनाने के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए हैं। इस पुण्य अवसर पर महाकुंभ में जो नहीं आया है जिसने यहां त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी नहीं लगाई मानो उसका जीवन व्यर्थ है।

जागरण संवाददाता, महाकुंभ नगर। क्षेत्रीयता से ओतप्रोत संस्कृति विभाग का गंगा पंडाल शुक्रवार को भोजपुरी तरानों से खिल उठा। भोजपुरी गायक रीतेश पांडे ने अपने भजनों से श्रोताओं को भक्ति रस में सराबोर किया। विशिष्ट प्रस्तुति गोरखपुर के सांसद और कलाकार रवि किशन के शिव तांडव स्तोत्र की रही। उन्होंने अपनी अद्भुत ऊर्जा और भाव-भंगिमाओं से दर्शकों को सम्मोहित किया।
गंगा की पवित्रता पर गीत गाकर रवि किशन ने पंडाल में भक्ति रस की बरसा की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत शास्त्रीय गायक महेश काले के गायन से हुई। उनके सुरों से वातावरण में आध्यात्मिकता का संचार हुआ। इसके बाद पद्मविभूषण विश्वमोहन भट्ट ने मोहन वीणा की जादुई धुन से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का समापन मधुस्मिता और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत कथक नृत्य नाटिका से हुआ।
पंडाल में आगामी दिनों में कैलाश खेर, हरिहरन, कविता कृष्णमूर्ति, नितिन मुकेश, सुरेश वाडेकर और कविता सेठ जैसे प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। सैंया मिले लरकइयां मैं का करूं पर झूमे श्रोताएनसीजेडसीसी उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक के कला ग्राम में शुक्रवार को गीत, संगीत और लोकनृत्यों के संगम में दर्शकों ने डुबकी लगाई। शुरुआत प्रहलाद कुर्मी और साथी कलाकारों के द्वारा सुमरनी बल खीरे सुमरो हनुमान गीत पर राई नृत्य से हुई।
कलाकारों ने दीं प्रस्तुतियां
दिव्या सिंह एवं दल ने अवधी गीत सैया मिले लरकइयां, हमरी गुलाबी चुनरिया, होली खेले रघुवीरा जैसे गीतों की प्रस्तुति दी। गुजरात से आए जयन्ती भाई राठवा ने राम ढोल, थाली, शहनाई की धुन पर पिरामिड के आकार में नृत्य किया। इसके बाद सुभाष देवराणी और उनके दल ने गढ़वाली लोकनृत्य किया। उमरल बदरिया चमके बिजुरिया चमके बिजुरिया व सोहर नृत्य तथा अमवा महुआ के झूमे-झूमे डोरिया गीत पर झूमर नृत्य की प्रस्तुति हुई। कार्यक्रम में हरियाणा से आए पद्मश्री महावीर गुड्डू और उनके साथी कलाकारों ने मेरा रंग दे बंसती चोला गीत पर नृत्य किया तो दर्शक झूम उठे।
राहुल-प्रियंका भी आकर लगाएं डुबकी : रवि किशन
गोरखपुर के सांसद और अभिनेता रवि किशन ने शुक्रवार को संगम में डुबकी लगाई। महाकुंभ में आने पर स्वयं को भाग्यशाली बताया। कहा कि महाकुंभ को दिव्य और भव्य बनाने के लिए योगी सरकार ने महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए हैं। इस पुण्य अवसर पर महाकुंभ में जो नहीं आया है, जिसने यहां त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी नहीं लगाई, मानो उसका जीवन व्यर्थ है। चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भी आकर संगम में डुबकी लगानी चाहिए।
2027 में हारने जा रहे हैं वे अंगुली उठा रहे हैं
छह दिन में सात करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान करने की संख्या पर विपक्षी दलों द्वारा उठाए जा रहे प्रश्न पर रवि किशन ने कहा कि जो 2027 में हारने जा रहे हैं, वही अंगुली उठा रहे हैं। कहा कि अंगुली उठाने वाले महाकुंभ में आ रहे श्रद्धालुओं का अपमान कर रहे है, सनातन धर्म का अपमान कर रहे है।
ये भी पढ़ेंः Mahakumbh 2025: सात फीट लंबी कद-काठी वाले 'मस्कुलर बाबा...कुंभ मेले में छाए रूस के 'गिरि महाराज'
सांसद ने मुंबई में अभिनेता सैफ अली खान पर हुए जानलेवा हमले पर दुख जताया। कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फणनवीस नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी जरूरी कदम उठा रहे हैं। सैफ अली खान को अपना मित्र बताते हुए कहा कि हमारी दोस्ती 1993 में हुई थी। हम दोनों कई बार फिल्म में साथ काम कर चुके हैं। ईश्वर से कामना है कि सैफ जल्दी स्वस्थ हों।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।