प्यार,तकरार और FIR, जानिये कैसे प्रेम विवाह करना भारी पड़ रहा एक पति को
प्रेम विवाह के बाद फरमाइश पूरी नहीं करने पर पत्नी कर रही उत्पीडऩ। छह साल में करा चुकी आठ मुकदमे। करोड़ों का बंगला अपने नाम करने की कर रही जिद।
आगरा, जागरण संवाददाता। छह साल पहले सात फेरे लेकर सात जनम तक साथ निभाने का वचन देने वाली प्रेमिका, पत्नी बनने के बाद कारोबारी पति पर आठ मुकदमे दर्ज करा चुकी है। गृहस्थी और बच्चे के भविष्य के खातिर पति ने राजीनामा करने के लिए कई चीजें पत्नी के नाम कर दीं। वह करोड़ों का बंगला अपने नाम करने का दबाव बनाकर उत्पीडऩ करने लगी। दोनों के बीच रार बढऩे पर मामला पुलिस परिवार परामर्श केंद्र पहुंच गया।
मामला न्यू आगरा क्षेत्र के एक कारोबारी का है। उसने छह साल पहले प्रेम विवाह किया था। इसमें एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए। दंपती के एक बच्चा भी है। रविवार को परिवार परामर्श केंद्र पहुंचे कारोबारी का काउंसलर से कहना था कि प्रेमिका के पत्नी बनने के बाद उसकी फरइमाशें धीरे-धीरे जिद में बदल गईं। जिन्हें पूरा नहीं करने पर वह उत्पीडऩ करने लगी। उसने पत्नी के नाम से कार समेत कई कीमती चीजें खरीदीं। इससे कि विश्वास दिला सके कि वह उसे प्यार करता है। मगर, पत्नी जरा-जरा सी बात पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा देती। अब तक आठ बार उसकी रिपोर्ट करा चुकी है।
दो साल पहले पत्नी ने कोर्ट में तलाक का मामला डाल दिया। वहां काउंसलर की मध्यस्थता के बाद वह उसके साथ रहने आ गयी। कुछ समय तक सही रही। छह महीने पहले दोबारा मायके चली गयी। इस बार घर लौटने के लिए कई करोड़ की कोठी अपने नाम करने का दबाव बनाने लगी। पत्नी की बात मानने से इन्कार किया तो पिछले महीने उसने पुलिस में शिकायत कर दी।
उधर, पत्नी ने कारोबारी पति पर मानसिक और शारीरिक उत्पीडऩ करने का आरोप लगाया। उसका कहना था कि पति ने उसे शादी के डेढ़ साल बाद ही परेशान करना शुरू कर दिया। रविवार पति परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा तो पता चला कि पत्नी ने अपनी शिकायत की पत्रावली बंद करा दी है।