Family Counselling: आनलाइन क्लास के लिए गिफ्ट किया मोबाइल, घर ले आया सौतन
Family Counselling आगरा के जगदीशपुरा इलाके का मामला। रिश्ते की साली को घर में रख पत्नी को निकाला बाहर। सौतन को बाहर निकालने के लिए पत्नी ने पुलिस से मांगी। एसएसपी से शिकायत करने पर उन्होंने मामले को परिवार परामर्श केंद्र काउंसिलिंग के लिए भेजा है।
आगरा, जागरण संवाददाता। पत्नी की दरियादिली उसी को भारी पड़ गई। आनलाइन क्लासेज के लिए पति द्वारा रिश्ते की साली को गिफ्ट किया गया मोबाइल घर में सौतन को ले आया। पत्नी को जब तक इसकी भनक लगी, बहुत देर हो चुकी थी। पति उसे घर से निकालकर रिश्ते की साली को अपने यहां ले आया। बेटी के भविष्य का हवाला देने के बाद भी जब बात नहीं बनी तो पत्नी को पुलिस की मदद लेनी पड़ी। एसएसपी से शिकायत करने पर उन्होंने मामले को परिवार परामर्श केंद्र काउंसिलिंग के लिए भेजा है।
मामला जगदीशपुरा क्षेत्र निवासी महिला का है। महिला के मुताबिक उसकी शादी 11 साल पहले हाथरस के युवक से हुई थी। ससुराल वाले इस शादी से खुश नहीं थे। उसे आए दिन परेशान करने लगे। बात-बात पर ताना देने थे। पति एक कंपनी में काम करता है। उसे इसके बारे में बताया तो वह उसे अपने साथ पुणे ले गया। इसके बाद कुछ समय तक पति ने नौकरी के दौरान अपने साथ गुरुग्राम में भी रखा। इस दौरान उसके बेटी हो गई। जो अब पांच साल की है। महिला के अनुसार उसे लगा कि अब सब कुछ सामान्य हो गया है।
इसलिए वह लाकडाउन में पति के साथ ससुराल लौट आई। मगर, ससुराल वालों का रवैया नहीं बदला था। यहां आने के बाद पति भी उनकी बातों में आ गया। महिला के मुताबकि इसी दौरान उसकी रिश्ते की चचेरी बहन से पति की मुलाकात हुई। उसने साली को आनलाइन क्लासेज के लिए मोबाइल गिफ्ट किया था। बस यहीं से उसकी जिंदगी का बुरा दौर शुरू हो गया। पति द्वारा गिफ्ट किए गए मोबाइल से साली उसके निकट आ गई।दोनों मोबाइल पर चोरी-छिपे बात करने लगे। उनके बीच प्रेम संबंध हो गए। पति उसे बहाने से मायके छोड़ आया।
इसके कुछ समय बाद पति रिश्ते की साली को अपने साथ लेकर गुरुग्राम चला गया। इसकी जानकारी होने पर वह गुरुग्राम पहुंच गई। उसने पति को साली के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। मगर, पति अब साली को छोड़ने को तैयार नहीं है। महिला के अनुसार पति उसे अपने साथ रखने से मना कर रहा है। उसने बेटी के भविष्य का हवाला दिया। पति की प्रेमिका के स्वजन जो कि उसके रिश्तेदार भी हैं, उन्हें सारी बात बताई। मगर, वह सब कुछ जानने के बाद भी अंजान बने हुए हैं। पीड़िता ने पति के खिलाफ एसएसपी से शिकायत की। उन्होंने मामला परिवार परामर्श केंद्र कांउसिलिंग के लिए भेजा है।