Agra: शादी के एक महीने में छिनीं विवाहिता की खुशियां, मायके छोड़ने के बाद पति ने दी जान, परिवार में मचा कोहराम
Agra News In Hindi पत्नी को मायके छोड़ने के बाद जान दे दी। महज 28 दिन पहले हुई थी पायल ढलाई कारीगर की शादी। विजय नगर की घटना ससुराल वालों ने किया हंगामा। पुलिस ने मायके वालों को शांत कराया।
आगरा, जागरण संवाददाता। पत्नी को मायके छाेड़कर आने के बाद युवक ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर अपनी जान दे दी। उसकी 28 दिन पहले ही शादी हुई थी। वह काफी समय से तनाव में चल रहा था। जानकारी होने पर पहुंचे ससुराल वालों ने हंगामा कर दिया।
मायके में छोड़कर आया था पत्नी को
विजय नगर हरीपर्वत निवासी 26 वर्षीय बंटी पायल की ढलाई का कारीगर था। उसकी शादी 11 मई को घटिया आजम खां निवासी प्रीति से हुई थी। स्वजन के अनुसार बंटी गुरुवार को पत्नी काे मायके छोड़कर आया था। इसके बाद अपने कमरे पर चला गया। शाम काे करीब सात बजे परिवार के लोग उसे जगाने पहुंचे। उसे बेहोश देख एसएन इमरजेंसी लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मौत की जानकारी पर पत्नी और मायके वालों ने किया हंगामा
बंटी की मौत की जानकारी होने पर पत्नी और मायके वाले पहुंच गए। उन्होंने हंगामा आरंभ कर दिया। पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक हरीपर्वत अरविंद कुमार के अनुसार खुदकुशी का कारण स्वजन ने मानसिक अवसाद बताया है।