Murder Case: पत्नी की गला दबाकर हत्या, पुलिस को फोन कर बुलाया
बेटी के सामने की हत्या दहेज हत्या में दर्ज कराया गया है मुकदमा। कासगंज के गांव कुरामई की घटना आए दिन होता था दोनों में झगड़ा।
आगरा, जेएनएन। कासगंज के ताना क्षेत्र के गांव कुरामई में मंगलवार को एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इस दौरान आठ वर्ष की बेटी सामने खड़ी बिलखती रही, लेकिन पिता के सिर पर मानो खून सवार था। हत्या के बाद खुद यूपी 112 पर फोन मिला कर कहा कि मैने अपनी पत्नी को मार दिया है। खबर मिलते ही पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपित को मौके से हिरासत में ले लिया है।
एटा निवासी रामपाल ने अपनी बेटी नीलम की शादी आठ वर्ष पहले कुरामई निवासी सुभाष पुत्र रामचरण के साथ की थी। पति-पत्नी में आए दिन विवाद होता था। मंगलवार सुबह भी दोनों में झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर सुभाष ने नीलम के साथ मारपीट शुरू कर दी तथा उसका गला दबा दिया। इस दौरान बेटी अराध्या भी कमरे में पहुंच गई, लेकिन सुभाष ने किसी की नहीं सुनी। हत्या के बाद में सुभाष ने खुद ही यूपी 112 पर फोन कर पत्नी की हत्या की जानकारी दी। हत्या की जानकारी मिलने पर सीओ आरके तिवारी के साथ में इंस्पेक्टर राजीव सिरोही मौके पर पहुंचे। पूरे मामले की पड़ताल की। आरोपित पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं महिला के स्वजनों ने इस मामले में दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति सुभाष के साथ में सास एवं जेठ-जिठानी पर भी दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
बच्ची ने भी पुलिस को दिया बयान
हादसे के बाद में मृतका की बेटी अराध्या काफी डरी हुई थी। उसने पुलिस को बताया कि मम्मी पापा में झगड़ा होता था। पापा ने मम्मी की गला दबाकर हत्या कर दी।
दिल्ली में रहने के दौरान भी होता था झगड़ा
सुभाष दिल्ली में रहकर नौकरी करता था। वहां भी इन दोनों के बीच में अक्सर झगड़ा होता था। कुछ वर्ष पहले भी विवाद हुआ था, जिसके बाद स्वजनों ने समझौता कराया था, लेकिन इसके बाद भी झगड़ा बंद नहीं हुआ।