Taj Mahal: ये ताजमहल की है दीवानगी; खूबसूरत स्मारक देखने के लिए पर्यटकों में जबरदस्त जोश, भीड़ के आगे निकला आह ताज!
Agra Taj Mahal News ताज पर पर्यटकों की निकली आह जाम में छूटा पसीना। सामान्य दिनों में ताजमहल पर 20 से 22 हजार पर्यटक आते हैं। सप्ताहंत पर 28005 पर्यटक ताजमहल पर पहुंचे। इसमें से 24997 भारतीय पर्यटक और 2541 विदेशी पर्यटकों ने ताजमहल निहारा। रविवार को भी पर्यटकों की भीड़ रहेगी। बैटरी चलित कार भी नहीं मिलने से परेशान दिखे पर्यटक।

जागरण संवाददाता, आगरा। सर्द हवा के बीच खिली धूप में ताजमहल देखने आए पर्यटकों की अव्यवस्थाओं से आह निकल पड़ी। सप्ताहंत पर शनिवार दोपहर में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। यमुना किनारा मार्ग पर लगे जाम में फंसे पर्यटकों का पसीना छूट गया।
घंटों जाम में फंसे रहे, ताजमहल में प्रवेश के लिए टिकट खरीदने से लेकर बैटरी कार के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। प्रवेश द्वार पर लंबी लाइन लगी रही।
जाम से परेशान रहे पर्यटक
सप्ताहंत पर ताजमहल पर पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है। सर्दी में सुबह 10 बजे के बाद ताजमहल पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी। दोपहर एक बजे यमुना किनारा मार्ग पर जाम लग गया, यातायात पुलिस कर्मियों ने भी जाम खोलने के लिए कोई प्रयास नहीं किए। आड़े- तिरछे वाहन फंस गए। यमुना किनारा मार्ग से पश्चिमी गेट पार्किंग तक पर्यटक जाम में फंसे रहे।
ताजमहल के पश्चिमी गेट पर टिकट के लिए लंबी लाइन लगी रही। शिल्पग्राम पहुंचे पर्यटकों को पूर्वी गेट तक पहुंचने के लिए बैटरी कार नहीं मिली, घंटों इंतजार करना पड़ा। पश्चिमी और पूर्वी गेट पर दोपहर एक बजे के बाद प्रवेश के लिए लंबी लाइन लग गई, चेकिंग में भी समय लगा।
ताजमहल में पहुंचने तक पर्यटक पस्त हो गए। लंबी लाइन और घंटों इंतजार करने से थक गए। ताजमहल में प्रवेश करते ही धूप में चमकते ताजमहल के हुस्न को देखकर पर्यटकों ने राहत की सांस ली और फोटो कराए।
मुख्य मकबरे तक गए सात प्रतिशत पर्यटक
ताजमहल के अंदर दोपहर में पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई। ऐसे में पर्यटक मुख्य मकबरे पर नहीं गए। 28 हजार पर्यटकों में से मुख्य मकबरे पर सात प्रतिशत 2134 पर्यटक ही गए।
स्वजन से बिछड़ गई बच्ची
ताजमहल पर भीड़ के चलते एक बच्ची स्वजन से बिछड़ गई। पुलिस ने उसे अपने पास बिठा लिया और बच्ची के स्वजन की तलाश की। भीड़ अधिक होने से पर्यटकों को भी परेशानी हुई।
सप्ताहंत में पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारी लगाए गए थे। पर्यटक लाइन से बचने के लिए आनलाइन टिकट खरीद सकते हैं। डा. राजकुमार पटेल , अधीक्षण पुरातत्वविद
फतेहाबाद रोड पर रात में लगा जाम
फतेहाबाद और एमजी रोड पर बारात निकासी पर रोक है। अगर अनुमति के बाद कोई बारात निकलती है तो रोड के किनारे ही बैंड-बाजा और बराती होंगे। शनिवार रात फतेहाबाद रोड पर भीषण जाम लग गया। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने किसी तरीके से वाहनों को हटाने का प्रयास किया लेकिन पसीने छूट गए। रात दस बजे के बाद रुक-रुक कर जाम लगता रहा। लोग ने अव्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारों को जमकर कोसते नजर आए। यह हाल तब है जब शहर की विभिन्न सड़कों पर लगातार जाम लग रहा है। पुलिस-प्रशासन द्वारा जाम से निपटने के लिए ठोस इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।