Good News: लाइन में लगने का झंझट हुआ खत्म, अब Smartly करें House tax जमा Agra News
पहले चरण में 60 मशीनों का प्रयोग चालीस और मिलेंगी। प्रदेश में आगरा से हो रही है शुरुआत।
आगरा, जागरण संवाददाता। हाउस टैक्स की अदायगी अब और भी आसान होने जा रही है। गुरुवार से स्मार्ट तरीके से टैक्स अदा किया जा सकेगा। फिर वह चाहे कैश हो या फिर चेक व पेटीएम सहित अन्य विकल्प। मंगलवार को टैक्स की ऑनलाइन अदायगी का सफल ट्रायल किया गया। नगरायुक्त अरुण प्रकाश ने बताया कि एंड्रॉयड बेस्ड टैक्स कलेक्शन मशीन का प्रयोग किया जाएगा। सभी उपभोक्ताओं का बिल मशीन में फीड है। यह जोन और क्षेत्रवार है। मशीन में प्रिंटर अटैच है। जैसे ही कोई उपभोक्ता हाउस टैक्स जमा करेगा। उसके मोबाइल पर मैसेज आएगा। जरूरत पर प्रिंट आउट दिया जाएगा। प्रदेश में आगरा पहला शहर है जहां टैक्स वसूली में मशीन का प्रयोग किया जा रहा है। यह तरीका चंडीगढ़ शहर से अपनाया गया है। वहीं पहले चरण पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल से 60 मशीनें खरीदी गईं। जल्द ही चालीस और मशीनों की खरीद होगी।
दूर हो रहीं बिल की कमियां
नगरायुक्त अरुण प्रकाश ने बताया कि पहली बार सभी भवन स्वामियों को हाउस टैक्स के बिल भेजे गए हैं। बिल में जो भी कमियां हैं। शिकायतों के बाद उन्हें दूर किया जा रहा है। अगर बिल गलत है तो इसकी शिकायत निगम कार्यालय या फिर जोन कार्यालय में की जा सकती है।
हाउस टैक्स की नजर में
- नगर निगम के सौ वार्डों में 3.10 लाख भवन हैं।
- इस वित्तीय साल में 60 करोड़ की वसूली का लक्ष्य है।
- अब तक 26 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है।
- अब तक तीन लाख भवन स्वामियों को बिल भेजे गए हैं।
- 25 से 30 फीसद बिलों में कमियां हैं।
यह है जोनवार जानकारी
जोन का नाम, भवन स्वामी, वसूली, लक्ष्य
ताजगंज, 42842, 5.17 करोड़ रुपये, 11.25 करोड़ रुपये
लोहामंडी, 99109, 7.24 करोड़, 15.25 करोड़ रुपये
छत्ता, 73982, 9.35 करोड़, 17.25 करोड़ रुपये
हरीपर्वत, 94918, 9.01 करोड़, 16.25 करोड़ रुपये