सुबह चली ठंडी हवा, दोपहर को फिर गर्मी का कहर बरपा
आगरा: ताजनगरी में मंगलवार की सुबह ठंडी हवाओं के साथ हुई लेकिन दिन चढने के साथ गर्मी ने पसीने छुड़ाए।
आगरा(जागरण संवाददाता): ताजनगरी में मंगलवार की सुबह ठंडी हवाओं के साथ हुई लेकिन दिन चढ़ने के साथ सूरज ने एक बार फिर शहरवासियों को पसीना छुड़ाया। धूप की वजह से दोपहर में उमस से लोग परेशान रहे। गर्म हवा चलती रही। वहीं सुबह शहरवासियों के लिए राहत लेकर हुई थी। बादल बार बार बारिश होने का अहसास करा रहे थे। लेकिन सुबह करीब नौ बजे के बाद स्थिति सोमवार की तरह ही हो गई।
सोमवार को आगरा प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। हालाकि शाम को मौसम में बदलाव आया था और तेज हवा चलने लगी थीं। इसके साथ उड़ी धूल से राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी थी।
पिछले कई दिन से दोपहर में उमस ने लोगों को बेहाल किया हुआ है। सोमवार को दिन भर उमस के बाद शाम को आई आंधी व बारिश ने राहत दिलाई। रात भर और मंगलवार सुबह हवा चलने से गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली थी लेकिन दिन चढ़ने के साथ तापमान भी बढ़ता चला गया। हल्के बादल छाए रहने से उमस अधिक रही। दिनभर शहरवासी इससे परेशान नजर आए। अधिकतम तापमान सोमवार को 42.2 डिग्री से. दर्ज किया गया जो कि रविवार के 42 डिग्री से. से थोड़ा ही अधिक था। सामान्य तापमान से यह एक डिग्री से. अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री से. दर्ज किया गया, जो रविवार के 24.8 डिग्री से. से कम था। प्रदेश के गर्म शहरों में आगरा सोमवार को हमीरपुर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहा। झांसी सबसे अधिक गर्म रहा।
मंगलवार को तापमान में वृद्धि देखी गई है। यह शहर रहे गर्म
झांसी- 44.1 डिग्री से.
आगरा- 42.2
हमीरपुर- 42.2
उरई- 41.0
इटावा- 40.2
इलाहाबाद- 39.9